- Hindi News
- राजस्व मामलों में सूचना नहीं भेजी, पांचों एसडीओ को नोटिस
राजस्व मामलों में सूचना नहीं भेजी, पांचों एसडीओ को नोटिस
डूंगरपुर। राज्यसरकार के पक्षकार होने वाले राजस्व मामलों में संबंधित एसडीओ द्वारा कोई सूचना नहीं भेजे जाने को कलेक्टर इंद्रजीतसिंह ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने पांचों एसडीओ को नोटिस देते हुए स्पष्टीकरण लेने को कहा।
कलेक्टर सिंह जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राजस्व प्रकरणों के निस्तारण में अरुचि की स्थितियां चिंतनीय है और इसे पूरी गंभीरता से लिया जाएगा। कलेक्टर सिंह ने उपखंड अधिकारियों के स्तर पर तीन पांच वर्षों से बकाया चल रहे प्रकरणों के बारे में जानकारी ली तो पाया कि डूंगरपुर में 542 में से 149 का निस्तारण हुआ है, वहीं सीमलवाड़ा में 343 में से 81 का निस्तारण किया गया है। डूंगरपुर एसडीओ को 175 आरडीएस के प्रकरण को निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक के आरंभ में एडीएम अशोक कुमार ने राजस्व प्रकरणों पर की जा रही कार्रवाई और अब तक की प्रगति के बारे में जानकारी दी।
सीमलवाड़ा एसडीओ को जांच के निर्देश : बैठक में कृषि भूमि पर अतिक्रमण के बकाया प्रकरणों की समीक्षा के दौरान गलियाकोट और चिखली तहसीलदार द्वारा शून्य प्रकरणों की रिपोर्ट दी गई। इस पर कलेक्टर ने सीमलवाड़ा एसडीओ से कहा कि वे निरीक्षण कर रिपोर्ट की जांच करें और इसमें गलती होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करें।
साबला तहसीलदार के विरुद्ध 17 सीसीए की कार्रवाई करें : राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर सिंह ने 183 बी के बकाया प्रकरण में साबला तहसीलदार द्वारा किसी प्रकार की प्रगति नहीं किए जाने पर 17 सीसीए की कार्रवाई करने को कहा।
राजस्व अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते जिला कलक्टर इंद्रजीत सिंह अन्य।