राष्ट्रीय दर्जे के मेले के लिए पिछले साल से भी आधा बजट
बेणेश्वरमेले को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा है। सोम, माही जाखम नदियों के त्रिवेणी संगम तीर्थ बेणेश्वर धाम पर मेले को शुरू होने में 7 दिन बाकि है, लेकिन मेले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मिलने वाला बजट आधा हो गया है। हर साल यह बजट 10 लाख का होता है, लेकिन इस बार मेले के लिए पर्यटन विभाग को सिर्फ 5 लाख रुपए का ही बजट मिला है। इससे बेणेश्वर मेले के दौरान होने वाली व्यवस्थाएं और अन्य कार्यक्रम प्रभावित होने की भी संभावना है। कलेक्टर इंद्रजीतसिंह ने भी इतने ही बजट में सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
बेणेश्वर मेले की तैयारियां शुरू हो गई है। मेले में दुकानें और मनोरंजन के साधन लगना शुरू हो गए है। इसके अलावा मेलार्थियों के लिए भी सुरक्षा और सुविधा के लिए तैयारियां चल रही है। जायजा लेने के लिए बुधवार को कलेक्टर इंद्रजीतसिंह सहित कई अधिकारी पहुंचे। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक ली और निर्देश दिए। मेला परिसर में पर्याप्त रोशनी के लिए लाइटें लगाने, टूटे पोल और तार को ठीक करने के निर्देश दिए। मेले में शुद्ध पानी का इंतजाम करने, मेला परिसर में साफ-सफाई रखने, पॉलिथीन कॅरीबैग को पाबंद करने के निर्देश दिए। खेलकूद प्रतियोगिता के लिए खेल अधिकारी लिंबाराम से जानकारी ली। परिवहन विभाग ने बताया कि मेले के लिए 50 बसें लगाई जाएगी। पुलिस विभाग की ओर से इस बार 800 का जाब्ता लगाया जाएगा। मेले में 3 दमकल और 3 एंबुलेंस भी लगाई जाएगी। मेले में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सीईओ परशुराम धानका, एसडीएम रमणलाल पाटीदार, तहसीलदार कालूराम रेगर, एएसपी रामजीलाल चंदेल, डीएसपी ब्रजराजसिंह चारण, तहसीलदार बांसवाड़ा, डीटीओ नैनसिंह सोढा, राजेश कुमार डामोर मौजूद थे।
800 पुलिस अधिकारी-कार्मिक होंगे तैनात
मेलेके दौरान कानून व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामजीवन चंदेल ने बताया कि700 से 800 की संख्या में पुलिस अधिकारी कार्मिक तैनात किए जाएंगे। उन्होंने मेला परिसर पर नजऱ रखने की दृष्टि से वॉच टावर सीसीटीवी कैमेरे लगाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेला परिसर को 12 भागों और 6 सेक्टर में बांटकर पुलिसकर्मियों अधिकारियों को नियुक्त किया जा रहा है और इसके साथ ही मेले के पहुंच मार्गों और आसपास के क्षेत्र में 4 मोबाइल गश्तीदल नियुक्त किए जा रहे हैं। उन्होंने लकड़ी लेकर आने वाले ऊंटों के प्रवेश और अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए विभाग की ओर से माकूल प्रबंध किए जाने के बारे में भी जानकारी दी।
पोल हटवाने के निर्देश : बैठकमें एएसपी रामजीवन चंदेल ने शिव मंदिर के सामने बिजली के पोल से दुर्घटनाओं की संभावनाएं बताई। इस पर कलेक्टर ने संबंधित सहायक अभियंता से जानकारी ली तो उसने अनभिज्ञता जताई। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और पोल को तत्काल हटवाने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी सिर्फ बैठक में जानकारी देने के बजाय फिल्ड में जाकर अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं को देखें।
साबला. बेणेश्वरधाम पर कारोबार के लिए जगह को लेकर हंगामा करने वालों ने पुलिस अधिकािरयों को घेरा।
मेले को लेकर बुधवार को बेणेश्वरधाम पर बैठक हुई। अधिकारियों ने व्यवस्थागत तैयारी परखी।