- Hindi News
- हरियाणा पुलिस की कार्यशैली से क्षुब्ध पीएचडी छात्र
हरियाणा पुलिस की कार्यशैली से क्षुब्ध पीएचडी छात्र
हमीरवास थानाक्षेत्र में गत 23 नवंबर को बदमाशों के कार लूट एवं उसमें सवार दो भाइयों के अपहरण की वारदात का खुलासा करने में पुलिस नाकाम साबित हुई है। हरियाणा की तोशाम पुलिस चाहती तो बदमाशों को मौके पर ही पकड़ा जा सकता था, परंतु ऐसा नहीं किया। घटना का मुकदमा दर्ज होने के बावजूद हमीरवास पुलिस भी प्रकरण में कुछ खास नहीं कर रही है। ये पीड़ा बिट्स पिलानी में पीएचडी कर रहे छात्र पंकज बधावा की है। उसका कहना है कि लूट एवं अपहरण की वारदात ने उसका भविष्य चौपट कर दिया है। पुलिस की कार्यशैली से क्षुब्ध पंकज ने बताया कि अपहरण के बाद बदमाश उन दोनों भाइयों को हरियाणा के तोशाम ले गए। सभी बदमाश तोशाम की गलियों से वाकिफ थे। उन्होंने दो बार एटीएम से पैसे भी निकलवाए। एटीएम गार्ड की ओर से तोशाम पुलिस को अपहरण एवं लूट की सूचना देने के बावजूद पुलिस एक घंटे देरी से पहुंची। देरी से पहुंचने के बावजूद पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने में कोई रूचि नहीं दिखाई। दोनों भाई किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटकर जान बचाने में कामयाब तो हो गए, परंतु उस वारदात का साया अभी भी उनका पीछा नहीं छोड़ रहा है। पंकज बधावा ने बताया कि गाड़ी में उसका लेपटॉप था, जिसमें महत्वपूर्ण डाटा लोड किए हुए थे। वह बिट्स में पीएचडी कर रहा है और दो वर्षों का डाटा लेपटॉप में था। उसके ओरिजनल डोक्योमेंट, पासपोर्ट, फार्माशिस्ट का रजिस्ट्रेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण कागजात भी थे, जिन्हे बदमाश साथ ले गए।
^उक्त प्रकरण में अनुसंधान के दौरान कुछ क्लू हाथ लगे हैं। कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है। पुलिस टीम हरियाणा भेजी हुई है। नितेशआर्य एएसपी राजगढ़
पुलिस को वीडियो क्लिप भी दी
पंकजबधावा ने बताया कि हरियाणा के तोशाम के जिस एटीएम से बदमाशों ने उससे पैसे निकलवाए, वहां की वीडियों क्लिप तोशाम हमीरवास पुलिस को देने के बावजूद अभी तक बदमाशों को गिरफ्तार नहीं किया है। वीडियों क्लिप में एक बदमाश का चेहरा साफ और स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इतनी मदद करने के बावजूद पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है।
छात्र पंकज बधावा