पहले गायों, अब ऊंटों की तस्करी
गायोंकी तस्करी के बाद क्षेत्र से ऊंटों की तस्करी बिना कोई रोकटोक के धड़ल्ले से की जा रही है। कई संगठनों की जागरूकता के चलते गायों की तस्करी पर अंकुश जरूर लगा, परंतु इसके बाद क्षेत्र से ऊंटों की तस्करी बड़े पैमाने पर की जा रही है।
शनिवार रात को पुलिस ने राजगढ़-हिसार हाईवे पर लूटाणा के पास दो ट्रकों में भरकर तस्करी कर ले जाए जा रहे 27 ऊंट मय ट्रक जब्त कर छह जनों को गिरफ्तार किया है। बाद में एक ऊंट की मृत्यु हो गई। थानाधिकारी भागलाराम ने बताया कि पुलिस ने शनिवार रात को गश्त के दौरान लूटाणा बेरियर के पास दो ट्रकों में भरकर ले जाए जा रहे 27 ऊंट मय ट्रक जब्त किए हैं। एक ऊंट की मृत्यु हो गई। ट्रक में सवार साबुन पुत्र ईश्रायल मेव निवासी चौकी बागर पीएस कोसीकला जिला मथुरा, लियाकत पुत्र रहमदीन मेव निवासी खिलूका पीएस हाथन जिला पलवल, अब्बास पुत्र बिलाल मेव, फरीद पुत्र अयूब मेव, मुंसेफ मेव निवासी घासड़ा पीएस नुह को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मोहम्मद हुसैन निवासी राजगढ़ युनस निवासी नोहर भागने में कामयाब हो गए। ऊंट जब्त कर आरोपियों के विरूद्ध पशु क्रूरता अधिनियम तथा पशुओं के जीवन को संकट में डालने का मुकदमा दर्ज कर उन्हे गिरफ्तार किया गया है। मौके से फरार हुए दोनों आरोपियों को शाम को गिरफ्तार कर लिया है।
एक पखवाड़े पूर्व भी पकड़े थे
क्षेत्रसे ऊंटों की तस्करी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। बताया जाता है कि ऊंट यहां से खरीदकर बूचड़खानों में ले जाए जा रहे हैं। एक पखवाड़े पूर्व भी पुलिस ने एक ट्रक में भरकर ले जाए जा रहे 14 ऊंट मय ट्रक जब्त कर तीन जनों को गिरफ्तार किया था। उक्त मामले में भी अब्बास पुत्र बिलाल मेव को गिरफ्तार किया गया था। शनिवार रात को पकड़े गए ऊंट नोहर राजगढ़ से भरने बताए जा रहे हैं।
सादुलपुर. जब्तकिए गए ऊंट।