पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सादुलशहर की एसबीआई शाखा में हुई वारदात

सादुलशहर की एसबीआई शाखा में हुई वारदात

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
श्रीगंगानगर. दो संदिग्ध महिलाओं ने एसबीआई शाखा में सोमवार सुबह 11 बजे ब्लेड से प्लास्टिक का थैला काटकर एक सेवानिवृत्त अध्यापक के एक लाख रुपए पार कर दिए। दोनों संदिग्ध महिलाओं ने सिर्फ दो मिनट में ही वारदात को अंजाम दिया। जब तक सेवानिवृत्त अध्यापक को पता चलता, तब तक दोनों महिलाएं फरार हो चुकी थी।
पंद्रह दिन में यह दूसरी वारदात हुई है। इससे पहले 3 सितंबर को पीएनबी शाखा में भी दो युवकों ने एक किसान का रुपयों से भरा थैला उठाकर भाग गए थे।

बीस केएसडी के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के सेवानिवृत्त अध्यापक लालचंद पुत्र पूर्णराम, निवासी अमरपुरा (पंजाब) ने सीआई पूनिया को बताया कि वह अपने साथी सुरजाराम के साथ पेंशन की राशि में से एक लाख रुपए निकलवाने के लिए शाखा में आया था। राशि निकलवाकर उसने एक लाख रुपए वाली गड्डी प्लास्टिक के थैले में डाल ली।
इसके बाद वह बैंक कॉपी में इंट्री कराने के लिए काउंटर पर गया, जहां कंप्यूटर खराब होने के कारण ग्राहकों की भीड़ लगी थी। इस कारण वह काउंटर से वापस आया और अपने साथी सुरजाराम के पास सोफे पर बैठ गया। जब उसने थैला संभाला तो उसमें एक बड़ा कट लगा हुआ था और रुपए की गड्डी गायब थी। लालचंद ने बताया कि संभवत: काउंटर पर खड़े रहने के दौरान अज्ञात महिला ब्लेड से थैले में कट मारकर रुपए निकालकर फरार हो गई।

लालचंद ने बताया कि उसने उक्त राशि ट्रैक्टर ठीक कराने एवं घर खर्च के लिए निकलवाई थी। उधर, सूचना मिलते ही बैंक कर्मियों ने मुख्य द्वार बंदकर आवाजाही रोककर पुलिस को सूचना दी। सीआई मोहर सिंह पूनिया मय पुलिस जाब्ता के शाखा पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज चेक किए।