श्री श्याम बाबा मंदिर का निर्माण अंतिम चरण में, कार्यक्रम 28 से
सादुलशहर. मंदिर परिसर में चल रहा रंगाई-पुताई का कार्य।
सादुलशहर| श्रीश्याम मित्र मंडल द्वारा जनसहयोग से भगत सिंह चौक के समीप नव स्थापित श्री खाटू श्याम मंदिर का काम अंतिम चरण में है। रंग-रोगन, लाइट्स एवं सजावट का काम करवाया जा रहा है। मंडल अध्यक्ष गजानंद गोयल ने बताया कि श्रीश्याम मंदिर में सात दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा एवं लक्ष्मीनारायण पांच कुंडी महायज्ञ 28 फरवरी को दोपहर 1 बजे कलश यात्रा के साथ शुरू होगा। यात्रा श्री सत्यनारायण मंदिर से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होती हुई श्याम मंदिर पहुंचेगी। 29 फरवरी को सुबह आठ बजे मूर्ति पूजन एवं हवन-यज्ञ होगा। तीन मार्च तक दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक श्रीश्याम कथा होगी। 4 मार्च को दोपहर 12 बजे मूर्ति परिक्रमा एवं ध्वज यात्रा निकाली जाएगी। 5 मार्च को मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा होगी। रात्रि सवा आठ बजे जागरण होगा। छह मार्च को सुबह आरती कर प्रसाद वितरित किया जाएगा।
दस बजे भंडारा लगाया जाएगा। मुख्य अतिथि भामाशाह राधेश्याम लालगढ़िया होंगे। भजन गायक जयशंकर चौधरी एवं राजेश कुमार भजनों की अमृत वर्षा कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। मां कृष्णा अवस्थी वृंदावन एवं गुरु मां चैतन्य मीरा नासिक पहुंचकर श्याम बाबा की कथा करेंगी।