- Hindi News
- रसोई गैस नहीं मिलने पर सागवाड़ा नर्सरी मोड़ पर हंगामा
रसोई गैस नहीं मिलने पर सागवाड़ा नर्सरी मोड़ पर हंगामा
मंगलवारको सुबह में ग्रामीण क्षेत्रों से आएं लोगों ने नर्सरी मोड़ स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर रसोई गैस नहीं मिलने पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान विभिन्न गांवों से आई गृहणियों ने भी रसोई गैस के लिए बार बार चक्कर लगवाने और घरेलू उपयोग के लिए रसोई नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। इस दौरान ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए डूंगरपुर बांसवाड़ा मुख्य मार्ग पर जाम भी लगा दिया। जिससे मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारे लग गई। घटना की जानकारी मिलने पर सीआई मनीष चारण, एसआई दौलत सिंह मय जाप्ते के मौके पर पहुंच लोगों से समझाइश कर जाम को खुलवाया।
कानपुर गांव से आई लक्ष्मी देवी भट्ट ने बताया कि उनके गांव के पिछले चार महिनों से गैस सिलेंडर की कोई गाड़ी नहीं आई है। वहीं वे स्वयं चार से पांच बार गैस टंकियों को लेकर यहां गैस एजेंसी पर चूकी है, लेकिन हर बार उनके गांव में वाहन आने और अभी रसोई गैस नहीं होने का बहाना बनाया जा रहा है।
घाटा का गांव से आए एक बुजुर्ग मोगजी पुत्र वालजी का कहना है कि उनके गांव में भी पिछले तीन महिनों से रसोई गैस लेकर संबंधित गैस एजेंसी से कोई गाड़ी नहीं पहुंची। वहीं अपने गांव से गैस टंकियों को लेकर इतना दूर सागवाड़ा आने पर भी उन्हें रसोई गैस नसीब नहीं हो रही। कमलेश पाटीदार लीमड़ी ने बताया कि शादी, ब्याहों और पार्टियों के लिए गैस सिलेंडर उपलब्ध हो रहे है। लेकिन आम उपभोक्ता को अपने घर की रसोई चलाने के लिए गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। जिससे लोगों को बेवजह परेशान होना पड़ रहा है।
नर्सरी मोड़ पर मुख्य मार्ग पर लगे जाम को खुलवाते पुलिसकर्मी और गैस एजेंसी पर ग्रामीणों को रसोई गैस नहीं मिलने पर हंगामा करते उपभोक्ता।