- Hindi News
- ग्राम पंचायत ने शुरू की लक्खी मेले की तैयारी
ग्राम पंचायत ने शुरू की लक्खी मेले की तैयारी
सैंपऊ. शिवरात्रि पर लक्खी मेले की तैयारी दिखने लगी।
भास्कर न्यूज | सैंपऊ
कस्बेके ऐतिहासिक शिव मंदिर पर लगने वाले लक्खी मेले की तैयारियां जोरों पर है। सैंपऊ के प्राचीन महादेव मंदिर पर महाशिव रात्रि से एक दिन पूर्व आयोजित होने वाले 10 दिवसीय मेले ने धीरे धीरे रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। महाशिव रात्रि को देखते हुए क्षेत्र भर से युवाओं की टोलियां हरिद्वार एवं सोरोजी से काबड़ों में गंगाजल लेने के लिए रवाना होने लगे हैं। मेले में दुकाने सजने के साथ ही रौनक बढ़ने लगी है।
झूले एवं मनोरंजन के साधन जुटने लग गए हैं। मेले में मनोरंजन के साधनों के साथ दुकानों के आने से आसपास के लोगों की खासी चहल पहल बढ़ गई है। खासकर बच्चों के मनोरंजन के लिए ड्रेगन झूला, ब्रेक डांस, मारुति कुआए, मैजिक शो, मिक्की माउस और इलेक्ट्रिक मिनी ट्रेन आदि बच्चो एवं युवाओं को अभी से आकर्षित कर रहे हैं। उल्लेखनीय है की ऐतिहासिक शिवमंदिर पर लगने वाला मेला जिले का सबसे बड़ा और लम्बे समय तक चलने वाला मेला है।
यहां ग्रामीण परिवेश और शहरी संस्कृति का समावेश देखने को मिलता है। मेले में महाशिवरात्रि के दिन हजारों की संख्या में कावड़िये सोरों एवं हरिद्वार से कावड़ों में गंगाजल भरकर भगवान महादेव का अभिषेक करके मन्नतें मांगते है। मेले में उत्तरप्रदेश,मध्यप्रदेश, हरियाणा सहित आस-पास की जगह से श्रद्धालु भोले बाबा के दर्शनार्थ आते हैं। मान्यता है कि शिवमंदिर में स्थापित शिवलिंग स्वम्भू एवं एशिया महाद्वीप का सबसे बड़ा शिवलिंग है जिसके दर्शन करने मात्र से भक्तों की मनोकामना पूर्ण हो जाती हैं। मेले की तैयारियों के सम्बन्ध में ग्राम पंचायत सरपंच स्नेहलता परमार ने बताया कि मेले के लिए आवश्यक बिजली, पानी, सफाई एवं पार्किग की व्यवस्था के ठेके कर दिए है। वार्ड पंचो की कमेटी गठित कर दुकानों के लिए शुक्रवार को जमीन आवंटन का कार्य किया जाएगा।
इधर, दुकानदार भी महाशिव रात्रि से पहले ही माल का स्टॉक करने लगे है। मेले में कानून व्यवस्था बनाने के लिए ग्राम पंचायत ने जिला प्रशासन को पत्र के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस जाप्ता एवं मेला मजिस्ट्रेट नियुक्ति की मांग की है।
एसडीएमने लिया जायजा
लक्खीमेले की तैयारी एवं व्यवस्थाओं को लेकर गुरूवार को एसडीएम चेतन चौहान ने शिव मंदिर पहुंचकर जायजा लिया। इस मौके पर चौहान ने मंदिर के प्रवेश एवं पश्चिमी द्वार पर रखे खोखों को हटाने के दुकानदारों को निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बाजारों में चौड़ाई रखने का सुझाव भी ग्राम पंचायत को दिया। एसडीएम के साथ थाना प्रभारी देवीसहाय मीणा ने मंदिर परिसर का अवलोकन कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।