बाइक की टक्कर से युवक की मौत
सैंपऊ. कस्बेके समीपवर्ती गांव राजा का नगला में एक ही मोहल्ले में तीन दिन के अंदर हुई दूसरी मौत से गांव में सन्नाटा पसर गया है। भरतपुर के बयाना रेलवे स्टेशन से घर लौटते समय इंद्रजीत पुत्र राधे लोधा सड़क हादसे का शिकार हो गया था।
उल्लेखनीय है कि चार दिन पूर्व भरतपुर मार्ग पर नगला ठाकुरदास के पास पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगा रहे दो युवकों को किसी अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था। जिसमें योगेश्वर पुत्र महेंद्र लोधा की मौके पर मौत हो गई थी। वहीं उसका चचेरा भाई हरीचंद गंभीर रूप से घायल हो गया था। दुर्घटना की खबर मिलने पर सूरत रह रहे इसी परिवार के इंद्रजीत पुत्र राधे लोधा, प्रेमसिंह पुत्र गिर्राज सुक्कन पुत्र रामदत्त घर लौट रहे थे। बयाना रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह पांच बजे उतरकर तीनों युवक घर आने के लिए साधन की तलाश में थे। इसी दौरान तेज गति से सामने से आती बाइक ने इंद्रजीत और उसके दोनों साथियों को टक्कर मारकर घायल कर दिया।
जिससे इंद्रजीत की मौके पर ही मौत हो गई। इंद्रजीत की मौत की सूचना जैसे ही लोधा बस्ती में आई तो पहले से ही शोक में डूबी बस्ती में मातम और गहरा गया। बस्ती के किसी भी घर में दिनभर चूल्हा नहीं जला।
दोपहर बाद युवक का शव पोस्टमार्टम होकर आने के बाद गांव का माहौल और भी गमगीन हो गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि इंद्रजीत की शादी करीब दो वर्ष पूर्व हुई थी। उसके सात माह का एक बच्चा भी है।