बिना टेंडर सीसी सड़क की होगी जांच
चितलवानापंचायत समिति के केरिया ग्राम पंचायत में सरपंच की ओर से बिना टेंडर के सीसी सड़क का निर्माण कार्य करवाने के मामले में जालोर जिला परिषद के सीईओ जवाहर चौधरी ने जांच के आदेश दिए है। उन्होंने जांच के लिए जालोर से एक टीम भी भेज दी है जो इस पूरे मामले का बारीकी से निरीक्षण करेगी। ज्ञात रहे कि दैनिक भास्कर ने 12 सितंबर के अंक में इस मामले को उजागर किया था, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
केरिया ग्राम पंचायत में बिना टेंडर सीसी सड़क निर्माण के मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने समाचार प्रकाशित कर सरपंच की ओर से नियम विरूद्ध कार्य करने की जानकारी दी थी। इसके बाद ग्रामीणों ने भी सरपंच कार्यवाहक विकास अधिकारी फुलाराम खोटे पर मिलीभगत के आरोप लगाने के साथ मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की थी। वहीं समाचार प्रकाशित होने के बाद ग्रामसेवक प्रकाश सैनी का केरिया से तबादला करवा दिया गया था। इस कार्रवाई के विरोध में आक्रोशित ग्रामीण सांसद देवजी पटेल से मिलने सांचौर गए जहां सांसद के नहीं मिलने पर उन्होंने फोन पर मामले की जानकारी दी। ग्रामीणों ने बताया कि डामर सड़क से प्रजापत शमशान घाट बावड़ी से कबुतरों का चोक तक बनाई जा रही सीसी सड़क के निर्माण में करीब दस लाख रुपए का बजट खर्च होने का अनुमान है। ग्रामीणों के कड़े विरोध के बाद सातवें दिन भी़ सरपंच की ओर से बिना टेंडर वर्कआर्डर के इतनी बड़ी राशि का काम करवाए जाने पर पंचायत समिति प्रशासन सहित अन्य अधिकारियों पर सवालिया निशान खड़े हो रहे है।
ग्रामसेवकके पीछे पड़ा प्रशासन : बिनाटेंडर काम करवाए जाने के मामले में शनिवार को सरपंच ने ग्राम सेवक प्रकाश सैनी को पंचायत समिति से नोटिस जारी किया। कार्यवाहक विकास अधिकारी फुलाराम खोटे ने भी ग्रामसेवक से जवाब तलब किया है कि उन्होंने बिना टेंडर वर्क आर्डर के जारी सीसी सड़क के निर्माण के मामले को सार्वजनिक कैसे किया।
मेरे निर्देश के बावजूद बंद नहीं हुआ निर्माण
^केरियागांव में सीसी सड़क निर्माण कार्य बिना टेंडर के हो रहा है, इसकी जांच करने के लिए चितलवाना विकास अधिकारी को बोला था। लेकिन अभी तक निर्माण चल रहा है जो गलत है। मामले की जांच के लिए जालोर से टीम भिजवाई है। शिकायत सही पाई गई तो निर्माण कार्य बंद करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -जवाहर चौधरी, सीईओजिला परिषद जालोर