जनसुनवाई में 9 प्रकरणों का निस्तारण
जिला स्तरीय संपर्क समाधान शिविर में कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने गुरूवार को 33 प्रकरणों की सुनवाई कर 9 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया। जिला स्तरीय संपर्क समाधान शिविर में जिले भर से आए लोगों ने परिवेदनाएं बताई जिनका कलेक्टर डॉ. सोनी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देने के साथ समाधान किया। इस अवसर पर पमाणा ग्राम (सांचौर) के ग्राम सेवक को समय पर सूचना उपलब्ध नहीं करवाने के कारण 17 सीसीए के तहत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं मुख्यमंत्री प्रकोष्ठ के प्रकरणों का लंबे समय से निस्तारण नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी 17 सीसीए के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने माइनर को रि डिजाइन करने के दिए निर्देश
कलेक्टर ने नर्मदा नहर परियोजना के डिग्गी संख्या 4 चितलवाना माईनर को रि डिजाईन करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार महीने के पहले गुरूवार को उपखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित कर स्थानीय समस्याओं का निपटारा किया जाए। केवल जिला स्तरीय मामलों के प्रकरण ही महीने के दूसरे गुरूवार को होने वाली जिला स्तरीय जनसुनवाई में रखे जाए। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर आशाराम डूडी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जवाहर चौधरी, पुलिस उप अधीक्षक राजेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।