एटीएम कार्ड बदलकर निकाले 19 हजार
सांवलियाजीस्थित एसबीबीजे के एटीएम मशीन से एक बदमाश ने रुपए निकालने में मदद के नाम पर एक युवक के एटीएम कार्ड को बदलकर बदमाश ने 19 हजार रुपए निकाल लिए। जांच में पता चला कि अज्ञात बदमाश ने जो कार्ड युवक को थमाया, वह भी किसी अन्य युवक का था।
कूथना निवासी शंकरलाल जाट सांवलियाजी में एटीएम से 200 रुपए निकलवाने गया। कार्ड मशीन में लगाने पर रुपए नहीं निकले तो पास खड़े युवक ने मदद की बात कही। उस युवक ने एटीएम के पिन नंबर डालकर 200 रुपए निकाल एटीएम कार्ड दे दिया। कुछ देर बाद शंकरलाल के मोबाइल नंबर पर 19 हजार रुपए निकालने का मैसेज आया तो वह भादसोड़ा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में गया और अपने खाते का बैलेंस चैक किया। शंकरलाल ने अपने पास मौजूद एटीएम कार्ड चेक करवाया तो घनश्याम राव का निकला। शंकरलाल ने घटना की रिपोर्ट थाने में दी है।
दूसरी ओर, क्षेत्र के ही घनश्याम राव नाम के युवक के साथ भी गत 28 अगस्त को बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम से रुपए निकालते समय इसी तरह कार्ड बदलने की घटना हो गई। बताया गया कि घनश्याम राव ने एटीएम कार्ड चेक करवाया तो वह भी बीकानेर के अोमप्रकाश का निकला। ओमप्रकाश ने भी 20 हजार रुपए की चपत लगने की बात कही। इस संबंध में बैंक प्रबंधन का कहना है कि कुछ समय से एटीएम कार्ड बदलकर रुपए निकालने वाला गिरोह सक्रिय है।
उन्होंने एटीएम उपयोग करने वाले ग्राहकों से एटीएम से रुपए निकालते समय किसी अनजान की मदद नहीं लेने तथा रुपए निकासी एटीएम में किसी अनजान या यथासंभव किसी की भी मौजूदगी में नहीं करने का आग्रह किया है।