- Hindi News
- ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो भाइयों की मौत
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो भाइयों की मौत
सरमथुरा-डोमईमार्ग पर गांव डोमई के समीप ट्रक और बाइक की टक्कर में दो सगे भाईयों की मौत हो गई। दोनों भाई देर शाम सरमथुरा से अपने गांव डोमई जा रहे थे तभी सामने से आते ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रक और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पोखर में जा गिरी और ट्रक के नीचे दबने से दोनों भाईयों की मौत हो गई। ट्रक में पत्थर भरे हुए थे।
थाना प्रभारी रामप्रसाद भारद्वाज ने बताया कि गांव डोमई निवासी मुन्ना पुत्र बुद्धा उम्र 45 वर्ष तथा चरन सिंह पुत्र बुद्धा उम्र 50 वर्ष सरमथुरा में घरेलू सामान की खरीदारी करने आए थे। शाम करीब 5 बजे बाइक पर सवार होकर गांव को लौट रहे थे तभी गांव डोमई के निकट ही सामने से आते ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। दोनों वाहन सड़क किनारे पोखर में जा गिरे। जिसमें ट्रक के नीचे दबने और पानी में डूबने से बाइक सवार मुन्ना चरन सिंह की मौत हो गई। ट्रक चालक खलासी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने क्रेन से ट्रक को हटवाया तथा दोनों शवों को निकाल कर सीएचसी में पोस्टमार्टम कराया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर सैकंडों के तादाद में ग्रामीण एकत्रित हो गए और जाम लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की समझाइश से ग्रामीण मान गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और ट्रक को जब्त कर लिया है। इस घटना से गांव में शोक फैल गया। पीडि़त परिवार में कोहराम मच गया।
दो सगे भाइयों की मौत से देर रात तक गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था। शोक में कई मोहल्लों में चूल्हे नहीं जले। मौके पर पुलिस उपाधीक्षक ताराचंद, तहसीलदार प्रदीप कुमार चाहर ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया तथा उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्राम पंचायत सरपंच रतीराम मीणा ने सड़क दुर्घटनाओं के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग को दोषी ठहराया है। सड़क की हालत जर्जर होने के कारण ही आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है यदि जल्द ही सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
सरमथुरा. गांव डोमई में दो भाइयों की मौत पर विलाप करते परिजन।
सरमथुरा. दुर्घटना के बाद पोखर में पड़ा क्षतिग्रस्त ट्रक और मौजूद ग्रामीण।