- Hindi News
- अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी, लगाई फटकार
अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी, लगाई फटकार
जिलाकलेक्टर कुमार पाल गौतम मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद कमलराम मीणा ने रविवार को कस्बे के अस्पताल का निरीक्षण किया तथा अस्पताल परिसर मे गंदगी का आलम देख नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रभारी को फटकार लगाई। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाएंं सुधारने के लिए 15 दिन की मोहलत देते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। जिला कलेक्टर ने अस्पताल में स्वाइन फ्लू वार्ड वार्मर मशीनों का निरीक्षण किया।
अस्पताल के वार्ड में गद्दों की हालत खस्ता होने वार्मर मशीनों का समुचित उपयोग नहीं होने के कारण अस्पताल प्रभारी को फटकार लगाई। अस्पताल की व्यवस्थाएं सुधारने के लिए प्रभारी ने जिला कलेक्टर से 15 दिन का समय मांगा। जिस पर कलेक्टर ने 15 दिन बाद व्यवस्थाए नहीं सुधरने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान जिला कलेक्टर ने कस्बा के इस्लामपुरा में निर्मल भारत योजना के अन्तर्गत बनाए गए शौचालयों का निरीक्षण किया तथा आशा के अनुरूप प्रोग्रेस रिर्पोट नहीं मिलने के कारणों पर ग्रामीणों से चर्चा की। जिला कलेक्टर ने मोहल्ला की भौतिक स्थिति सत्यापन कर कारणों पर अमल करने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमलराम मीणा को निर्देश दिए। वहीं ग्रामीणों को कच्चे शौचालय हटाने के लिए बाध्य किया। जिला कलेक्टर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कस्बा की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। वही ग्रामीणों से सफाई व्यवस्था पर जानकारी ली। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत सरमथुरा में सरकार द्वारा निर्मल भारत योजना के अन्तर्गत 3 हजार 2 सौ के करीब शौचालयों को स्वीकृति दी हुई है। जिसमें योजना के अन्तर्गत 12 हजार की राशि सहायता के अनुरूप देने का प्रावधान है, लेकिन कस्बा की भौगोलिक स्थिति जटिल होने के कारण सिर्फ 1 सौ 68 शौचालयों की प्रोग्रेस रिर्पोट मिल सकी है। जिसके कारण प्रशासन के अधिकारी चिंतित है। इस मौके पर अधिशाषी अधिकारी सार्वजनिक निर्माण आर बी मंगल, तहसीलदार प्रदीप कुमार चाहर, सरपंच गुड्डी मौर्य, सचिव राधेश्याम शर्मा, बसंताराम मीणा, महेश सोनी, वार्ड पंच जिन्ना हाजी, एडवोकेट निजाम खां, उपसरपंच असफाक खां आदि मौजूद थे।
सरमथुरा. निरीक्षण के बाद चर्चा करते जिला कलेक्टर।