खिरिया स्कूल भवन पर तालाबंदी
खिरियाके सीनियर सैकंडरी स्कूल में शिक्षकों की कमी से चौपट हो रही शैक्षणिक व्यवस्था के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने विद्यालय के मुख्यद्वार पर तालाबंदी कर अजमेर कोटा मार्ग पर जाम कर लगाया। जानकारी के अनुसार ग्राम खिरिया स्थित सीनियर सैकंडरी विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर नाराज अभिभावकों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने सोमवार सुबह विद्यालय के मुख्यद्वार पर तालाबंदी कर अजमेर कोटा स्टेट हाइवे पर जाम लगा दिया।
विद्यालय भवन पर तालाबंदी एवं अजमेर स्टेट हाइवे पर जाम की मिली सूचना पर विद्यालय अध्यापक समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सोगानी एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शिवराज गुर्जर एवं पंचायत समिति के सदस्य भाजपा नेता भगवान दत्त शर्मा आदि मौके पर पहुंचे और अभिभावकों से रास्ता जाम नहीं करने एवं वार्ता के माध्यम से उच्च अधिकारियों से चर्चा कर समस्या का हल करने की बात की। समिति के पदाधिकारियों की बात सुनते ही स्कूली छात्र एवं अभिभावक आक्रोशित हो गए रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने तक विद्यालय भवन के मुख्यद्वार पर तालाबंदी रखने की बात को लेकर स्टेट हाइवे पर बैठ गए।
इसके बाद में समिति के सुरेंद्र सोगानी एवं पंचायत समिति के सदस्य भगवान दत्त शर्मा ने विधायक शत्रुघ्न गौतम को स्थिति से अवगत कराते हुए। रिक्त पदों पर शिक्षक लगाने की मांग रखी। इस पर विधायक शत्रुघ्न गौतम के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं के अभिभावकों एवं समिति के सदस्यों से दूरभाष पर चर्चा कर सात दिन में रिक्त पदों पर शिक्षकों के नियुक्त करने का आश्वासन दिया, लेकिन छात्र, अभिभावकों ने हाथोंहाथ शिक्षक लगाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद में जिला शिक्षा अधिकारी ने चार दिन के भीतर रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति करने के दिए आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।
इस दौरान हनुमान मेवाड़ा, जसराज चंदेल, बबलू रेगर, किशन सिंह, नारायण सोनी, श्रीराम धेगी, राजेंद्र माली, भानुप्रताप सिंह, विष्णु प्रसाद एवं स्कूली छात्रा पूजा मेवाड़ा, रितु जैन, मनीषा रेगर, ममता मुनोत आदि ग्रामीण एवं छात्र- छात्राएं उपस्थित थे।
सरवाड़. िशक्षकों की कमी को लेकर प्रदर्शन करते विद्यालय के छात्र।