- Hindi News
- कांग्रेस में सेंध, सवाई में भाजपा का बना प्रधान
कांग्रेस में सेंध, सवाई में भाजपा का बना प्रधान
सवाईमाधोपुर प्रधान के लिए शनिवार को हुए चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस में सेंध लगाकर प्रधान पद पर जीत दर्ज की। प्रधान पद के लिए हुए मतदान बाद भाजपा के सूरजमल को प्रधान घोषित किया गया।
जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सवाई माधोपुर पंचायत समिति प्रधान के लिए कांग्रेस से कल्याण मल तथा भाजपा से सूरजमल बैरवा ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। नामांकन पत्र दाखिल करने के उपरांत अपरान्ह तीन से पांच बजे तक मतदान हुआ। मतदान के दौरान दोनों दलों के सदस्य मतदान स्थल पर आए। यहां कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ। दोनों दलों के पदाधिकारी मतदान के बाद अपने अपने दल के सदस्यों को वाहनों में बिठाकर ले गए। मतगणना के बाद घोषित परिणाम में भाजपा के सूरजमल को 12 मत मिले, वहीं कांग्रेस के कल्याणमल को 9 मत मिले। इस प्रकार भाजपा के सूरजमल 3 मतों से विजयी घोषित किए गए।
सवाई में कांग्रेस से हुई क्रॉस वोटिंग
पंचायत समिति चुनाव में कांग्रेस पार्टी के 10 तथा भाजपा के 9 सदस्य विजयी घोषित हुए थे। इनके अलावा दो निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे थे। अपनी पार्टी का प्रधान बनाने के लिए विधायक दिया कुमारी ने दो निर्दलीय सहित कांग्रेस के एक सदस्य को अपने खेमे में मिलाते हुए कांग्रेस से प्रधान की सीट हथिया ली। कांग्रेस के पास 10 सदस्य होते हुए भी पार्टी का प्रधान नहीं बन सका। इस बात की लोगों में खासी चर्चा रही। यहां कांग्रेस की ओर से क्रॉस वोटिंग होने से प्रधान पद बीजेपी के खाते में गया।