- Hindi News
- चौथ माता के दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
चौथ माता के दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
भास्कर न्यूज | चौथका बरवाड़ा
कस्बे में स्थित चौथ माता मंदिर में शनिवार को फाल्गुनी चौथ पर भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में आए भक्तों ने मां चौथ भवानी के दर्शन कर मनौतियां मांगी। दूरदराज से आए भक्तों ने माता मंदिर जाकर चौथ की कहानी सुनी महिलाओं ने परिवार की सफलता के लिए व्रत रखा। पूरे दिन भक्तों के आने जाने का सिलसिला जारी रहा। ऐसे में भीड़ से दिनभर बाजारों में चहल पहल रही। माता के दरबार में कोई पैदल चलकर आया तो कोई कनक दंडवत कर माता के प्रति अपनी विशेष श्रद्धा में नजर आया। रेलों बसों में भीड़ होने से भक्तों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ा।
कस्बे में स्थित चौथ माता मंदिर में माता मेले के बाद यह पहली चौथ थी। चौथ में भक्तों के आने का सिलसिला शुक्रवार शाम से ही शुरू हो गया था। पूरी रात पैदल यात्रियों के आने का सिलसिला चलता रहा। सुबह छह बजे से ही भक्तों ने चौथ माता सरोवर में पवित्र स्नान करने का सिलसिला शुरू कर दिया। शनिवार सुबह ठंड होने के बाद भी लोग माता के दरबार में पूरे जोश से जाते नजर आए। इस दौरान पैदल यात्रियों ने माथे पर मां की पट्टी बांध जयकारे लगाकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। भक्तों के जयकारों से पूरा मंदिर दिनभर गुंजायमान रहा।
माता के दरबार में पहुंचकर भक्तों ने मां चौथ भवानी के दर्शनकर परिक्रमा लगाई। रंग बिरंगी पोशाकें पहन माता के मांगलिक गीत गाती आई। महिलाओं ने माता के पुए पापड़ी का भोग लगाया चौथ की कहानी सुनी। इस दौरान पूरे मंदिर में महिलाओं के समूह चौथ की कहानी सुनते नजर आए। चतुर्थी पर चौथ माता ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं के माकूल इंतजाम किए। भीड़ को देखते हुए चौथ माता ट्रस्ट प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए।
सवामणीके लिए मची धूम
चतुर्थीपर सवामणी करने वालों की भी भीड़ रही। चुनावों में जीत के बाद विजेता उम्मीदवारों की भीड़ होने से सवामणी की धूम मची रही।
कस्बे की मीणा धर्मशाला गुर्जर धर्मशाला में सवामणी करने वालों की भीड़ ज्यादा रही। इसी तरह विभिन्न मार्गों पर यात्रियों को प्रसादी भी दी गई। माता मंदिर आसपास श्रद्धालु लोगों में प्रसादी बांटते नजर आए। रात्रि को सभी धर्मशालाओं में भजन कीर्तन का कार्यक्रम चलता रहा। इसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
ट्रेनोंबसों में रही भीड़
चौथपर रेलों बसों में लोगों की भारी भीड़ रही। जयपुर से बयाना जाने वाली सवारी गाड़ी भोपाल से जोधपुर जाने वाली सवारी गाड़ी में भक्तों की अधिक भीड़ रही। इसी तरह बसों में भी लोग छतों पर यात्रा करते नजर आए। कस्बे में जीप यूनियन ने पिछले दिनों सवाई माधोपुर तक का किराया घटाकर 20 किया था, लेकिन जीप वाले किराया 30 रुपए तक लेते नजर आए।
खराबसड़कों से हाल बेहाल
कस्बेमें आने वाली अधिकतर सड़कों की स्थिति खराब होने से लोग परेशान रहे। सबसे ज्यादा परेशानी चौरू मार्ग में रही। यहां सड़क पर गिटिट्यां बिखरी रहने के कारण पैदल यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी रही। पैदल यात्रियों के साथ कनक दंडवत करते आए यात्रियों के पैर सिर चोटिल हो गए। माता के आने वाले यात्रियों में सबसे ज्यादा यात्री इसी मार्ग से आते हैं। ऐसे में सड़कें खराब होने से सभी परेशान रहे।
भागवतकथा दस से
सूरवाल | धमूणगांव में शिव भक्त सेवा समिति की ओर से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा 10 फरवरी से आयोजित होगी। कथा वाचक पं. बृजराज शास्त्री धनोली वाले ने बताया कि कथा में शिवकरण दास महाराज के सानिध्य में हवन पूजन तथा अनुष्ठान किया जाएगा।
कथाआज से
सवाई माधोपुर | पटेलनगर स्थित मां कामांक्षा मंदिर पर संगीतमय भागवत कथा का आयोजन 8 फरवरी से होगा। कथा का वाचन पं. भरत शास्त्री द्वारा किया जाएगा। इससे पूर्व भागवत का पूजन एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह जानकारी मंदिर समिति के दशरथ सिंह राजावत ने दी।
कलशयात्रा निकाली
कुस्तला | कस्बेके बाड़ीवाले हनुमानजी मंदिर पर शुक्रवार से भागवत कथा शुरू हुई। इससे पहले कस्बे के विभिन्न मार्गों से महिलाओं द्वारा बैंडबाजों के साथ कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा गोपाजी मंदिर, मुख्य बाजार, बस स्टैंड, छतरी वाले हनुमानजी मंदिर आदि मार्गों से निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कथा का वाचन पं. मुरलीधर शर्मा द्वारा किया जा रहा है।
चौथ का बरवाड़ा. कस्बेमें चौथ माता के दर्शनार्थ उमड़े श्रद्धालु।
फाल्गुनी चौथ पर माता के दरबार में उमड़े भक्त, दिनभर रही भीड़