हॉकी में आज होगी खिताबी भिड़ंत
भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर
पुलिसलाइन मैदान पर चल रही 59वीं राज्यस्तरीय 17वर्षीय छात्रा वर्ग हॉकी प्रतियोगिता में रविवार को सेमी फाइनल मैच खेले गए, जिसमें अजमेर सीकर ने बाजी मारी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला इन्हीं दोनों टीमों के बीच खेला जाएगा।
मीडिया प्रभारी त्रिलोक चंद जैन ने बताया कि सुबह खेले गए सुपर लीग मैचों में भीलवाड़ा ने राजसमंद पर 3-0 से, अजमेर ने हनुमानगढ़ पर 1-0 से, सीकर ने जयपुर पर 2-0 से जीत हासिल की। इसी प्रकार एक अन्य मैच में राजसमंद ने जयपुर को 4-0 से हरा कर प्रतियोगिता में पांचवां स्थान प्राप्त किया। दोपहर को खेले गए सेमी फाइनल मैचों में अजमेर ने भीलवाड़ा पर 1-0 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसी प्रकार सेमीफाइनल का दूसरा मैच टोंक सीकर के बीच खेला गया, जिसमें सीकर ने टोंक पर 3-2 से विजय प्राप्त कर फाइनल में जगह बनाई। खेल प्रतियोगिता के संयुक्त सचिव स्थानीय विद्यालय की प्रधानाचार्या मिथलेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मैच सोमवार को अजमेर और सीकर के बीच खेला जाएगा तथा प्रतियोगिता का समापन 16 सितंबर को होगा।
कबड्डीमें खिरकड़ी जीता
इसीप्रकार 59वीं जिला स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता राउप्रावि भारजा नदी बौंली में आयोजित हुई। राउप्रावि जमूल खेड़ा के प्रधानाध्यापक लक्ष्यराम चौधरी ने बताया कि कुश्ती में राउप्रावि जमूल खेड़ा के पहलवानों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 32 किग्रा में दिलखुश माली, 35 किग्रा में विनोद माली, 38 किग्रा में लोकेश माली, 41 किग्रा में राजेश माली, 45 किग्रा में अजय तथा 49 किग्रा में बुद्धिप्रकाश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी तरह राप्रावि बोदल में चल रही पंचायत स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में रविवार को कबड्डी में खिरकड़ी ने तथा खो-खो में बोदल ने बाजी मारी। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
सवाई माधोपुर. पुलिसलाइन मैदान में रविवार को चल रही 59वीं राज्य स्तरीय 17 वर्षीय छात्रा वर्ग हॉकी प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी।