छात्र-छात्राओं को पिलाया काढ़ा
नगर संवाददाता | सवाई माधोपुर
जिलामुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार को भी सार्वजनिक स्थानों तथा स्कूलों के िवद्यार्थियों स्वाइन फ्लू सहित अन्य बीमारियों के रोकथाम के लिए आयुर्वेदिक विधि से तैयार किया गया काढ़ा पिलाया गया।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय सवाई माधोपुर की ओर से शहर सवाई माधोपुर हरसहायजी का कटला स्थित राउप्रावि तथा हैप्पी शिक्षण संस्थान के करीब 280 छात्रों को स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए काढ़ा पिलाया गया। आयुर्वेद चिकित्साधिकारी वैद्य विजयप्रकाश गौतम ने बताया कि छात्रों के अलावा 98 अन्य लोगों को भी यह काढ़ा पिलाया गया तथा इसके लक्षण तथा रोकथाम के बारे में जानकारियां दी। शुक्रवार को सदर बाजार नगर पालिका भवन पर सुबह ग्यारह बजे से श्री श्वेताबंर जैन तेरापंथी सभा के तत्वावधान में काढ़ा पिलाया जाएगा। इसी प्रकार राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय लहसोड़ा द्वारा स्थानीय शुभम माध्यमिक पब्लिक स्कूल के करीब 310 छात्रों को तथा 40 अन्य लोगों को स्वाइन फ्लू सहित अन्य बीमारियों के बचाव के लिए काढ़ा पिलाया गया। इसी क्रम में आयुर्वेदिक औषधालय फलौदी के वैद्य संतोष कुमार, कंपाउंडर भवानी शंकर गौत्तम द्वारा रामावि फलौदी तथा गीतेश पब्लिक स्कूल फलौदी के करीब 390 छात्रों को स्वाइन फ्लू के बचाव के लिए काढ़ा पिलाया गया। इसी तरह शहर सवाई माधोपुर स्थित कैलाशनाथ द्विवेदी प्राथमिक आदर्श विद्या मंदिर में स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए छात्रों को आयुर्वेद औषधि से तैयार किया गया काढ़ा पिलाया गया। प्रधानाचार्य महेंद्र कुमार जैन ने बताया कि राजकीय सामान्य चिकित्सालय आयुर्वेद इकाई सवाई माधोपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बृजबल्लभ शर्मा ने अपनी टीम के साथ विद्यालय में अध्ययनरत करीब 485 छात्र-छात्राओं को स्वाइन फ्लू सहित अन्य बीमारियों से बचाव के लिए काढ़ा पिलाया। साथ ही उन्होंने छात्रों को स्वाइन फ्लू सहित मलेरिया, चिकनगुनिया, डेंगू आदि बीमारियों के बारे में भी जानकारियां दी।
गोतोड़में 1100 को पिलाई गई दवा
बौंली| आयुर्वेदविभाग के तत्वावधान में सात फरवरी से अब तक ग्राम गोतोड में 1100 लोगों को काढ़ा पिलाया गया। राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय गोतोड़ के चिकित्साधिकारी वैद्य दीनदयाल पारीक ने बताया कि काढ़ा राजकीय माध्यमिक वि़द्यालय, भावना आदर्श स्कूल, रघुवीर मेमोरियल स्कूल एवं छात्र-छात्राओं तथा ग्राम के लोगों को पिलाया गया है। इसमें ग्राम के भामाशाह भंवर सिंह राजावत एवं हरिप्रसाद शर्मा ने सहयोग किया है। इसी प्रकार आयुर्वेद विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय आयुर्वेद औषधालय लाखनपुर में भामाशाहों के सहयोग से काढ़ा वितरण किया जाएगा एवं रोगियों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। चिकित्साधिकारी वैद्य रमाकांत बंसल ने बताया कि यह काढ़ा स्वाइन फ्लू, सर्दी, जुकाम, ज्वर आदि बीमारियों सहित अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव में उपयोगी है।
पीपलवाड़ा|पांचोलासगांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय के छात्रों को गुरुवार को राजकीय औषधालय के वैद्य मणीधन गौत्तम द्वारा आयुर्वेद विधि से तैयार किया गया काढ़ा पिलाया। गौत्तम ने बताया कि इस दौरान विद्यालयों के करीब 187 छात्रों को स्वाइन फ्लू सहित अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए काढ़ा पिलाया गया। साथ ही स्वाइन फ्लू के लक्षण तथा बचाव के संबंध में जानकारियां दी गई।
खिरनी|खिरनीपीएचसी पर आयुर्वेद चिकित्सा प्रभारी सुरेश चन्द वैद्य ने पचास पुरुषों तथा तीस महिलाओं को स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए काढ़ा पिलाया तथा स्वाइन फ्लू अन्य बीमारियों से बचने के उपाय बताए। शुक्रवार को मुख्य बाजार में लोगों को काढ़ा पिलाया जाएगा।
सूरवाल|कस्बेसहित अजनोटी, दुब्बी बनास आदि गांवो में गुरूवार को आयुर्वेद चिकित्सालयों की ओर से स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाया गया है। कस्बे के राबामावि में आयुर्वेद चिकित्सक भीमसिंह मीना ने विद्यालय की छात्राओं को स्वाइन फ्लू सहित अन्य बीमारियों के बारे में जानकारियां दी तथा आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाया। काढ़ा पीने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ गई चिकित्सालय के रफीक खां ने भी बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारियां दी। इसी प्रकार अजनोटी ग्राम पंचायत में आयुर्वेद चिकित्सक मनोज कुमार शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में आयुर्वेदिक काढ़ा पिलाया। सरपंच सुमन मीना ने भी गांव में स्वच्छता बनाए रखने के लिए ग्रामीणों से आग्रह किया। जिससे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की बीमारियां नही फैले।
सूरवाल. कस्बेके राबामावि में स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए बालिकाओं को काढ़ा पिलाते आयुर्वेद चिकित्सक एवं कर्मचारी।