- Hindi News
- थानाधिकारी तहसीलदार जाम में फंसे, याद आया अतिक्रमण
थानाधिकारी-तहसीलदार जाम में फंसे, याद आया अतिक्रमण
खंडार-सवाईमाधोपुर मार्ग पर नायपुर तिराहे के पास भारी अतिक्रमण के चलते सोमवार सुबह करीब 11 बजे जाम लग गया। जाम लगते ही खंडार, सवाई माधोपुर, नायपुर सभी तीनों प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इसी दौरान तहसीलदार विशंभर दयाल शर्मा थानाधिकारी लोकेंद्र सिंह भी जाम में फंस गए। इस दौरान थानाधिकारी द्वारा अतिक्रमणकारी ठेलेवालों को भी चेतावनी दी गई। बाद में करीब 11:30 बजे मार्ग पर यातायात सुचारु हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह 11 बजे सवाई माधोपुर, बालेर, नायपुर आदि विभिन्न मार्गों से आवागमन कर तीन निजी यात्री बसें कस्बे के नायपुर तिराहे पर एक साथ पहुंच गई थी। तीनों बसों के एक साथ पहुंचने से मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। बाद में निजी बस चालकों ने यातायात सुचारु करने के लिए दो यात्री बसों को कस्बे की ओर ले लिया तथा नायपुर मार्ग वाली बस को निकालने के प्रयास किए जा रहे थे। इतने में ही यात्री बसों के पीछे अन्य वाहनों की कतारें लग गई, जिससे जाम लग गया। कुछ देर बाद थानाधिकारी लोकेंद्र सिंह चौधरी तहसीलदार विशंभर दयाल शर्मा भी अपने सरकारी वाहनों के साथ जामस्थल पर पहुंच गए, लेकिन उन्हें वहां से निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला। बाद में पुलिस ने यात्री बसों अन्य वाहनों को आगे-पीछे करवाकर जाम खुलवाया। बाद में थानाधिकारी द्वारा ठेलेवालों को भी अतिक्रमण हटा लेने के संबंध में कड़ी चेतावनी दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि कस्बे में भारी अतिक्रमण के चलते इस तरह के हालात हमेशा बने रहते है।
प्रभावशालियों पर नहीं होती कार्रवाई : दूसरीओर ठेलेवालों द्वारा पुलिस कार्रवाई का विरोध किया गया। उनका कहना था कि पुलिस प्रशासन कि मिलीभगत से ही कस्बे में अतिक्रमण बढ़ रहा है। उनके ठेले अतिक्रमण की सीमा में नहीं है, वह अस्थायी है। ठेलेवालों ने बताया कि पुलिस द्वारा गरीब मजदूर पेशा लोगों को ही कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है, जबकि प्रभावशालियों से कोई कुछ नहीं कह रहा है। इस बारे में लोकेंद्र सिंह चौधरी थानाधिकारी खंडार का कहना है कि ठेले वालों को सड़क पर ठेले नहीं लगाने के बारे में चेतावनी दी गई है।
खंडार. ठेलेवालोंको अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देते खंडार थानाधिकारी लोकेंद्र सिंह।