तीन दिन बाद स्कूल में लौटी रौनक
नगर संवाददाता | सवाई माधोपुर
भैंसखेड़ागांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में तीन दिन से लगा ताला शनिवार को शिक्षा विभाग द्वारा भेजे गए प्रतिनिधि की समझाइश से एसएमसी के अध्यक्ष लल्लू लाल ने स्कूल पर जड़ा ताला खोल दिया। ताला खोलने से पूर्व अध्यक्ष ने प्रतिनिधि के सामने प्रमुख शर्तें रखी, जिसे शिक्षा विभाग द्वारा मान लिए जाने पर ग्रामीणों ने ताला खोलने की सहमति जताते हुए बच्चों को स्कूल में पढ़ने के लिए भेजा।
ग्रामीणों के अनुसार स्कूल के प्रधानाध्यापक द्वारा प्रधानमंत्री का भाषण छात्रों को नहीं सुनाने तथा इस पर गलत टिप्पणी किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को सभी शिक्षकों को स्कूल से बाहर निकाल स्कूल के दरवाजे के ताला ठोक दिया था। दूसरे दिन गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी रामनिवास, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रमेश चंद मीणा और दो अन्य अधिकारी गांव की स्कूल का ताला खुलवाने पहुंचे तो उन्होंने प्रधानाध्यापक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।
ग्रामीणों की मांग थी कि स्कूल के दो और शिक्षकों राधेश्याम और नैनूराम को भी निलंबित किया जाए। इन शिक्षकों पर स्कूल में लेट आने तथा पढ़ाई नहीं करवाने का आरोप था।
लल्लू लाल मीणा एवं ग्रामीण अपनी मांग पर अड़ गए कि जब तक उक्त दोनों शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी वे स्कूल के जड़ा ताला नहीं खोलेंगे। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने अपना प्रतिनिधि शनिवार को स्कूल में भेजा और ग्रामीणों से समझाइश की।
पढ़ाना. भैंसखेड़ागांव की स्कूल का ताला खोलने के बाद स्कूल में बच्चे प्रवेश करते हुए।
पढ़ाना. भैंसखेड़ागांव की स्कूल का ताला खोलने के बाद बच्चों के प्रवेश के बाद भीतर आते अध्यक्ष लल्लूलाल मीणा, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि एवं ग्रामीण।