गणेश धाम से हटाया अतिक्रमण
नगर संवाददाता | सवाई माधोपुर
रणथंभौररोड स्थित गणेश धाम पर पुलिस प्रशासन, जिला परिषद और पंचायत समिति के अधिकारियों ने गुरुवार दोपहर बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। साथ में चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर यदि अतिक्रमण किया जो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सीओ सिटी राकेश बैरवा, चौकी प्रभारी सीताराम और अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद के नेतृत्व में की गई।
उल्लेखनीय है कि गणेशधाम पर पुलिस चौकी के आसपास तथा मुख्य सड़क के पास लंबे समय से लोगों ने छप्पर, केबिनें, गुमटियां, स्टाल आदि लगा रखी थी जिससे गणेश धाम बहुत ही संकरा हुआ नजर आने लगता था। गणेश धाम पर जिले एवं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को अपने वाहन खड़े करने के लिए भी जगह की कमी पड़ जाती थी। मेले के दौरान भी यहां अतिक्रमण से परेशानी होती थी। इन समस्याओं को देखते हुए गुरुवार को सीओ सिटी राकेश बैरवा, चौकी प्रभारी सीताराम और जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी के नेतृत्व में पुलिस एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटवाने के लिए जेसीबी मंगवाई। अधिकारियों की चेतावनी पर लोगों ने अपने आप अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया और प्रशासन द्वारा व्हाईट लाइन खींच कर निर्धारित की गई सीमा के भीतर रहने की हिदायत दी गई। इस दौरान मौके पर मौजूद जिला परिषद के अधिशासी अभियंता प्यारेलाल मीणा ने बताया कि सरकारी जमीन को कब्जे में लेने तथा यहां अतिक्रमण हो, इसके लिए पक्की दीवार बनवाई जाएगी, ताकि गणेश धाम पर श्रद्धालुओं को पर्याप्त जगह मिल सके। प्रशासनिक अधिकारी देर शाम तक चौकी में मीटिंग लेते हुए तथा अतिक्रमण हटवाते नजर आए। अतिक्रमण हटवाने से चौकी के आसपास का तथा मुख्य सड़क के पास का पूरा मैदान खुला नजर आया।
सीएमने दिए निर्देश
अतिक्रमणहटाने के दौरान यह भी बात सामने आई कि होटल में बुधवार देर रात तक मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली जिसमें गणेश धाम पर हो रहे अतिक्रमण की समस्या को भी गंभीरता से लिया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने मौके पर पहुंच अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की।
सवाई माधोपुर. गणेशधाम पर प्रशासन की हिदायत के बाद अतिक्रमण हटाते लोग।