5634.86 लाख रु. से बदलेगी शहर की सूरत
भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर
नगरपरिषद क्षेत्र में बसी कॉलोनियों में विकास के विभिन्न कार्यों पर 56 करोड़ 34 लाख 86 हजार रुपए खर्च किए जाएंगे। इस संबंध में गुरुवार नगर परिषद सभागार में नवनियुक्त सभापति औंकारलाल महावर की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों का प्रस्ताव लिया गया। इस दौरान पार्षदों ने वार्डो में सफाई, सड़क नाली निर्माण की समस्याओं से सदन को अवगत करवाया।
बैठक की शुरूआत में पार्षद अली मोहम्मद ने गत बोर्ड की बैठक में संबंधित पार्षदों की सहमति के बिना फर्जी तरीके से पारित किए गए प्रस्ताव का मुददा उठाते हुए प्रस्ताव संख्या 2 को निरस्त कर संबंधित के िखलाफ कार्रवाई की मांग की। इसका सदन में मौजूद पार्षद अभिनव योगी,विनोद जैन, मंजीत सिंह सहित अन्य पाषदों ने भी समर्थन किया। पार्षद राजेश गोयल नीलकमल जैन ने बजरिया मुख्य बाजार में डिवाइडर निर्माण के चलते रास्ते में जगह- जगह लगे मलबे के ढे़र गंदगी की समस्याओं से आयुक्त को अवगत कराते हुए ठेकेदार से मलबे को उठवाकर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की। पार्षद अभिनव योगी ने बताया कि वार्डो में सफाई नहीं होने गंदगी फैली हुई है वहीं बदहाल सड़कों के कारण वार्डवासी परेशान है। ललित बागड़ा ने मंडी रोड के दोनों तरफ नाली निर्माण करवाने की मांग की। पार्षद चंदा देवी ने बताया कि बीआरजीएफ के तहत वार्ड में स्वीकृत कार्य दीपावली तक पूरे करने थे, लेकिन अभी तक पूरे नहीं हुए है। बैठक में संचालन उपसभापति श्याम सुंदर सिंहल ने किया। इस दौरान बैठक में नगर परिषद आयुक्त पंकज मंगल, इकरामुददीन सहित कई पार्षद मौजूद थे।
दूसरेठेकेदार को काम िदया तो होगा ब्लैकलिस्ट
पार्षदराजेश गोयल ने बताया कि बजरिया मुख्य बाजार में डिवाइडर निर्माण का कार्य नगर परिषद से संबंधित ठेकेदार ने ठेके पर लिए जाने के बाद कॉन्टेक्ट पर अन्य ठेकेदार को दे दिया। इसके चलते अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है। इसका अन्य पार्षदों ने समर्थन करते हुए संबंधित ठेकेदार को ब्लेक लिस्टेड करने की मांग की।
लावारिशशव के दाह संस्कार राशि को बढ़ाया : बैठकमें लावारिस शव के दाह संस्कार के लिए नगर परिषद की ओर से दी जाने वाली एक हजार रुपए की राशि को बढ़ाए जाने की मांग करते हुए पार्षद मंजीत सिंह ने बताया कि मंहगाई के इस जमाने में यह राशि बहुत कम है। इसलिए इस राशि को एक हजार से बढ़ाकर दो हजार रुपए किया जाए। पार्षद राजेश गोयल ने नगर परिषद क्षेत्र में विद्युत शव दाह गृह बनाए जाने की मांग रखी।
सफाई के नाम पर 90 लाख खर्च
पार्षदमहेंद्र सिंह ने नगर परिषद क्षेत्र के वार्डो में सफाई के नाम पर दस माह के दौरान ठेकेदार को किए गए 90 लाख रुपए के भुगतान का मामला उठाते हुए कहा कि वार्डो में एक भी दिन सफाई नहीं हुई। इसके बावजूद नगर परिषद ने फर्जी तरीके से संबंधित ठेकेदार को 90 लाख रुपए का भुगतान कर दिया। उन्होंने आयुक्त से इस मामले की जांच करवाकर कार्रवाई की मांग की।
पार्षद शंकर लाल गुर्जर ने रात्रि के समय खेरदा फ्लाई ओवर की लाइटें बंद रहने से आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं का मामला उठाते हुए बताया कि करीब चार माह से खेरदा फ्लाई ओवर की लाइटें बंद है। इस संबंध में कई बार संबंधित कर्मचारी को अवगत भी करवाया, लेकिन आज तक लाइटों को ठीक नहीं किया।
सवाई माधोपुर. नपमें आयोजित बैठक में समस्याएं बताते पार्षद।