मनचलों पर निगरानी शुरू
नगर संवाददाता | सवाई माधोपुर
जिलामुख्यालय पर सरकारी एवं निजी स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही है। परीक्षाएं दो पारियों में चलने से शाम को छात्र घर लौटते हैं। ऐसे में छात्रों की सुरक्षा और मनचलों पर निगरानी रखने के लिए पुलिस की शिक्षण संस्थाओं के आसपास गश्त देखी गई।
थाने के एचएम नरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह नौ बजे से ही छात्र छात्राओं का स्कूलों में पहुंचना शुरू हो जाता है जो दोनों पारियों में परीक्षाएं देने के बाद शाम को पांच बजे वे घर लौटते हैं। ऐसे में शिक्षण संस्थाओं के आसपास घूमने वाले मनचलों पर नजर रखी जा रही है। शनिवार को पुलिस की गाड़ी कई शिक्षण संस्थाओं पर पहुंची और संस्था प्रधानों से समस्याओं के बारे में भी पूछा। कुछ दिनों पूर्व मीणा कॉलोनी में स्थित एक निजी स्कूल के पास एक मकान में किराए से रह रहे कुछ मनचलों द्वारा अभद्रता किए जाने तथा राह चलती छात्राओं के मोबाइल से फोटो आदि लेने पर जब उन्हें उलाहना दी गई तो इन युवकों ने विवाद किया। जिसकी शिकायत पुलिस को की गई। एचएम नरेंद्र सिंह ने बताया कि निजी स्कूलों के आसपास के मकानों में रहने वाले मनचलों की भी पुलिस द्वारा जांच पड़ताल की जाएगी। शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।