सवाई-जयपुर रूट पर नहीं चली परीक्षा स्पेशल ट्रेन
पटवारी की परीक्षा देेकर वापस लौट रहे अभ्यर्थियों की शनिवार को ट्रेनों में काफी भीड़ देखी गई। हालांकि रेल प्रशासन की ओर से कोटा से भरतपुर तक स्पेशल ट्रेन चलाई गई है, लेकिन सवाई माधोपुर से जयपुर रूट पर यह ट्रेन संचालित नहीं होने पर अभ्यर्थियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ा। सवाई से जयपुर रूट पर संचालित कई पैसेंजर एवं सुपरफास्ट ट्रेनों में अभ्यर्थी लटकते हुए यात्रा करते नजर आए। कई जगह चैन पुलिंग की घटनाएं भी हुई, जिस पर आरपीएफ को मशक्कत करनी पड़ी।
ट्रेनों में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ थाना पुलिस की ओर से कोटा रेल मंडल से पचास से अधिक आरपीएसएफ के जवान मांगे गए थे, लेकिन कोटा से मात्र बीस ही जवान थाने को उपलब्ध कराए गए गए। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से सिविल पुलिस, आरएसी और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया। ऐसे में सर्कुलेटिंग एरिया एवं रेलवे स्टेशन पर अधिकतर सिविल पुलिस के जवान तैनात नजर आए। अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल ट्रेन कोटा से भरतपुर तक ही संचालित की गई थी, लेकिन सवाई से जयुपर रूट पर यह सुविधा नहीं होने से जोधपुर भोपाल, दयोदया एक्सप्रेस में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ दिखाई दी। अभ्यर्थी लटकते हुए यात्रा करते हुए देखे गए। अवध एक्सप्रेस और परीक्षा स्पेशल ट्रेन सहित अन्य ट्रेनों की भी चैन पुलिंग की घटनाएं देखी गई। कई परीक्षार्थी पटरियों पर दौड़ते हुए ट्रेनों में चढ़े। आरपीएफ थानाधिकारी और एसआई, सुनीता जाट, महेश चंद ने रेलवे सुरक्षाबलों को साथ लेकर व्यवस्थाएं संभाली। -(पेज 18भी पढ़ें)
चौथ का बरवाड़ा. पटवारीपरीक्षा के बाद कस्बे के रेलवे स्टेशन पर बयाना-जयपुर ट्रेन में जगह नहीं होने से ट्रेन में घुसने के लिए मशक्कत करते लोग।