परीक्षा पटवारी की दिक्कत यात्रियों को
जिला मुख्यालय सहित चौथ का बरवाड़ा, सूरवाल, मैनपुरा एवं खिलचीपुर में कुल चालीस परीक्षा केन्द्रों पर पटवारी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। पटवारी भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन चॉक चौबंद नजर आया। परीक्षा केन्द्रों पर दो स्तर पर सुरक्षा जांच की गई।
जिले में पटवारी परीक्षा के लिए कुल चालीस परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। परीक्षा के लिए 9 हजार 394 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 7 हजार 377 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। वहीं 2 हजार 17 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पटवारी परीक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा इसके लिए 9 उप समन्वयक, 9 फ्लाइंग स्क्वॉयड गठित किए गए है। इसी प्रकार 65 आब्जर्वर नियुक्त किए गए थे।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर शिविर आयोजित: अन्य स्थानों से पटवारी की परीक्षा देने के लिए सवाई माधोपुर आए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बहतेड़ के युवा संगठन सदस्यों द्वारा शिविर का आयोजन किया गया। खेल दार युवा महासभा के प्रतिनिधि मोइन खान ने बताया कि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को अपना परीक्षा केंद्र ढूंढ़ने में काफी परेशानी होती है। ऐसे में उनकी समस्याओं को देखते हुए शिविर आयोजित किया। इस शिविर के जरिए परीक्षार्थियों को उनके निर्धारित परीक्षा केंद्र के बारे में और उनका पता आसान नक्शे के माध्यम से बताया गया। इस अवसर पर संगठन के इकरार अहमद, अजहर, जावेद, जैद जिया खान, हारिस जुनेद, इकरार अहमद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
135परीक्षार्थी रहे गैरहाजिर, ट्रेनों में भीड़ से आमजन आहत
चौथ का बरवाड़ा| कस्बेके चार परीक्षा केंद्रों पर पटवारी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। परीक्षा के लिए प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता बंदोबस्त किए गए। एसडीएम कैलाश चंद के निर्देशन पर पूरा जाब्ता पूरे दिन चौकस रहा। परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इस दौरान कस्बे के चारों परीक्षा केंद्रों पर 135 अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे। परीक्षा के बाद ट्रेनों में भीड़ अधिक होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शाम को बयाना से जयपुर जाने वाली सवारी गाड़ी में भीड़ अधिक होने से लोगों को छतों पर यात्रा करनी पड़ी।
कस्बे में पटवार भर्ती परीक्षा के लिए चार स्थानों पर परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सुबह से ही प्रशासनिक अधिकारी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं की जांच करते नजर आए। इस दौरान उड़नदस्तों की भी व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार कस्बे के चारों केंद्रों पर 688 परीक्षार्थियों की व्यवस्था की गई थी। इनमें से 553 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी तथा 135 परिक्षार्थी गैर हाजिर रहे। दोपहर 12 बजे से परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा शुरू होने के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया। तीन बजे परीक्षा संपन्न होने के साथ ही कस्बे के रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भीड़ लग गई। शाम को बयाना से जयपुर जाने वाली सवारी गाड़ी में भीड़ अधिक आने से कई लोग बैठ नहीं पाए। इस दौरान छतों पर बैठे लोगों ने जगह जगह चेन खींचकर गाड़ी को रोका। इसी तरह देर शाम को कोटा से श्रीगंगानगर जाने वाली गाड़ी में भी भीड़ रही।
सवाई माधोपुर. पटवारीभर्ती परीक्षा के दौरान ट्रेनों में उमड़ी भीड़।