युवक ने फंदे से झूलकर दी जान
सवाई माधोपुर| महाराणाप्रताप कॉलोनी में सोमवार शाम को एक युवक ने फंदे से झूलकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। इसकी सूचना जैसे ही लोगों को मिली, कॉलोनी में सनसनी फैल गई। सूचना पर एएसपी दशरथसिंह, सीओ सिटी राकेश बैरवा, मानटाउन थानाधिकारी सुमेरसिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर पंचनामा तैयार किया गया।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जैसे ही सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, युवक कमरे में फंदे पर झूलता मिला। युवक ने साड़ी का फंदा बनाकर तथा कड़े से लटक कर जान दी है। मृतक हंसराज गुर्जर निवासी टोंक है, जो पुलिस लाइन में तैनात महिला कांस्टेबल अनिता गुर्जर का पति है। ये महाराणा प्रताप कॉलोनी में एक मकान में कमरा किराए से लेकर रह रहे थे। हंसराज यहां रहकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा था। जानकारी के अनुसार अनिता की बहन यहां आई हुई थी जो वह दोनों बच्चों को कुंडेरा गांव लेकर गई थी। महाराणा प्रताप कॉलोनी में जब वह वापस आई तो उसने कमरे के खिड़की, दरवाजे बंद मिले। बाद में खिड़की के एक कोने से उसने देखा कि भीतर हंसराज फंदे पर लटका हुआ था। वह चिल्लाई और आसपास के लोग एकत्र हुए। शाम साढ़े पांच बजे मानटाउन थाना पुलिस को इसकी सूचना मिली। सूचना पर थानाधिकारी, एएसपी और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। मानटाउन थानाधिकारी सुमेरसिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। लड़के के भाई के आने पर ही पूरी जानकारी मिल पाएगी। शव को सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।
सवाई माधोपुर. एमपीकॉलोनी में युवक द्वारा आत्महत्या करने के बाद गांव से आए परिजन।