किसानों को नहीं मिल रहे खाद-बीज
ग्राम सेवकों का कार्य बहिष्कार जारी
ग्रामपंचायत जटवाड़ा कलां के किसानों को ग्राम सेवा सहकारी समिति के अभाव में खाद बीच एवं अन्य कार्यों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार पंचायत प्रशासन एवं ग्रामीणों द्वारा अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी पंचायत क्षेत्र में सहकारी समिति का गठन नहीं किया जा रहा है।
जटवाड़ा कलां सरपंच डालचंद सैनी ने बताया कि यहां के किसानों को ग्राम सेवा सहकारी समिति के अभाव में खाद बीज लेने के लिए दुब्बी बनास स्थित सहकारी समिति जाने की विवशता रहती है। ऐसे में किसानों को आठ किमी दूर से खाद बीज लाने में केवल आर्थिक नुकसान होता है साथ ही समय भी ज्यादा लगता है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए किसान गांव से ही खाद बीज महंगे दामों में खरीद कर काम चलाने को विवश है। सरपंच ने बताया कि दो साल पहले नई ग्राम सेवा सहकारी समितियों के गठन के दौरान यहां समिति बनाए जाने की पूरी संभावना थी, लेकिन गांव की उपेक्षा कहो या किसानों का दुर्भाग्य यहां समिति का गठन नहीं किया गया। ऐसे में किसानों को सहकारी समिति के अभाव में परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं किसानों को समिति में खाते खुलवाने तथा लेनदेन करने के लिए दुब्बी आना जाना पड़ता है। सरपंच सहित ग्रामीणों ने लोरवाड़ा जटवाड़ा में ग्राम सेवा सहकारी समिति का गठन कर लोगों को इसका लाभ दिलाने के लिए प्रशासन से मांग की है।