शहरी क्षेत्र के विकास पर चर्चा
राज्य शहरीकरण आयोग के अध्यक्ष ने ली बैठक
भास्करन्यूज| सवाई माधोपुर
कलेक्ट्रेटसभागार में सोमवार को राज्य शहरीकरण आयोग के अध्यक्ष केके भटनागर ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें शहरी क्षेत्र के ढांचागत विकास एवं रखरखाव पर विस्तृत चर्चा कर सुझाव मांगे गए। उन्होंने शहरों की उन्नति के लिए उद्योगों के विकास के लिए गंभीरता से प्रयास करने की बात कही।
उन्होंने बताया कि आयोग शहरीकरण संबंधी नीतियों, बुनियादी ढांचा, विरासत, पर्यावरण संरक्षण, शहरी भूमि, आवास कचरा प्रबंधन आदि की नीतियों की समीक्षा करेगा तथा शहरी स्थानीय निकायों के सशक्तीकरण तथा शहरों के स्थायित्व/निरंतरता के लिए नीतियों एवं दिशा-निर्देशों से सम्बन्धित सिफारिश करेगा। शहरीकरण से गांवों के विकास को भी गति मिलती हैं। तीव्र शहरीकरण के कारण शहरी ढांचागत विकास एवं रखरखाव से आम नागरिक को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि शहरी स्थानीय निकायों की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है, जिससे ये अपने दायित्वों को पूर्ण करने में कठिनाई महसूस करते हैं। इसके लिए वित्तीय स्वायत्ता शक्तियों के विकेंद्रीकरण और नगरीय निकायों इनमें काम करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों के क्षमता संवर्धन की आवश्यकता है, ताकि ये संस्थाएं गुणात्मक रूप से नागरिकों को अच्छी सेवा उपलब्ध करा सकें।
बैठक में कलेक्टर पूनम ने उद्योगों के विकास के संबंध में किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ईश्वर सिंह राठौड़ सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, नगर परिषद चेयरमैन कमलेश जैलिया आदि मौजूद थे। इसी प्रकार नगर परिषद सभागार में भी बैठक लेकर विकास कार्यों की जानकारी ली तथा सम्पत्ति का रिकॉर्ड अपडेट करवाने एवं सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के निर्देश दिए।
सवाई माधोपुर. कलेक्ट्रेटसभागार में आयोजित बैठक में उपस्थित अधिकारी