पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अब बदलेगी सवाई की सूरत

अब बदलेगी सवाई की सूरत

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर

शहरीक्षेत्र में जगह जगह लगे गंदगी के ढेर सड़कों पर घूमते सुअर आवारा जानवर अब नजर नहीं आएंगे।

मॉडल शहरों की तर्ज पर सवाई माधोपुर शहर को सुंदर स्वच्छ बनाने के लिए शहर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के तहत चयनित 187 शहरों की सूची में सवाई माधोपुर को शामिल किया गया है।

इस संबंध में मंगलवार को स्थानीय निकाय के प्रमुख शासन सचिव मंजीत सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा निर्देश दिए। पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिले इसके लिए ब्यूटीफिकेशन, ड्रेनेज सिस्टम, पानी की आवक एवं निकासी, सड़कों के रखरखाव, विभिन्न भवनों की मरम्मत आदि के बारे में विस्तार से चर्चा हुई। शासन सचिव मंजीत सिंह ने कहा कि कामों का निपटारा अतिशीघ्र होना चाहिए ताकि समय पर कोई भी योजना का समापन होकर नई योजना क्षेत्र के विकास के लिए लागू की जा सके। उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में लगे अवैध होर्डिग्स को हटाने, पार्को की दशा सुधारने सामाजिक संगठनों को गोद देने, खंडार बस स्टैंड को शिफ्ट करने, पोलीथिन डिस्पोजल पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाने, आवासीय कॉलोनी विकसित करने के लिए जमीन उपलब्ध करवाने के लिए कलेक्टर को निर्देश दिए। मापदंडों के विपरीत मॉल्स के निर्माण के मामले में प्रमुख शासन सचिव ने नगर परिषद आयुक्त को फटकार लगाते हुए मॉल्स निर्माण के दौरान कार्रवाई नहीं करने के संबंध में जानकारी ली।

मापदंडों को दरकिनार कर खेरदा रेलवे लाइन पर बनाए गए फ्लाईओवर के मामले में विधायक दीया कुमारी ने भी इस बात को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि खेरदा फ्लाईओवर के निर्माण में मापदंडों का पूरा ध्यान नहीं रखा गया है। प्रमुख शासन सचिव ने सफाई को लेकर नगर परिषद के अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंदगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डोर टु डोर कचरा संग्रहण गायों को गौशाला में छोड़ने के निर्देश दिए।

नप क्षेत्रवासियों को अब नगर परिषद से जुड़ी समस्याओं के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नप कार्यालय में शिकायत दर्ज करने के लिए टोल फ्री नंबर लगाया जाएगा। नंबर पर शहरवासियों की समस्याएं सुनने के लिए कार्मिक को लगाया जाएगा। टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करवाने के बाद निर्धारित समयावधि में समस्या का समाधान करेंगे।