आबंटित कियोस्क का कब्जा संभलाने के आदेश
नगर संवाददाता | सवाई माधोपुर
जिलाउपभोक्ता विवाद प्रतितोष फोरम ने नगरपालिका के संबंधित ईओ और चेयरमैन को एक मामले में आदेश दिए हैं कि वे परिवादी को नगरपालिका क्षेत्र में रोजगार संभावना की उचित जगह पर कियोस्क स्थापित कर आवंटित कियोस्क का कब्जा संभलाएं।
अधिवक्ता नेत्रविंद सिंह जादौन ने बताया कि परिवादी सुरेश चंद योगी निवासी ठींगला ने कियोस्क आवंटन के लिए नगर पालिका में आवेदन किया था। परिवादी को योजना के तहत भूखंड 6 बाई 6 राजस्थान विद्युत मंडल खैरदा के पास कियोस्क निर्माण के लिए 472 रुपए प्रति वर्ग गज से 1888 रुपए में विपक्षीगण द्वारा आवंटित किया गया। परिवादी ने विपक्षी द्वारा चाही गई सभी पूर्तियां कर दी थी।
दिनांक 13.2.04 को विपक्षीगण ने खैरदा की वजाय ईएसआई डिस्पेंशरी के पास कियोस्क संख्या 154 लाटरी द्वारा आवंटित की गई जिसकी राशि पूर्व में जमा 1888 रुपए को समायोजित करते हुए 4147 रुपए की शेष राशि 2259 रुपए विपक्षीगण को जमा करा दिए लेकिन इसके बाद भी कियोस्क की भूमि का कब्जा नहीं दिया और ही निर्माण की स्वीकृति दी।
परिवादी ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष फोरम में विपक्षीगण पर सेवा दोष का आरोप लगाते हुए मामला दायर किया। दोनों पक्षों की सुनवाई करने के बाद फोरम ने विपक्षीगण नगरपालिका के संबंधित ईओ और चेयरमैन को अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा और सदस्य सौभाग्य मल जैन की उपस्थिति में आदेश दिए कि वे परिवादी को नगरपालिका क्षेत्र में रोजगार संभावना की उचित जगह पर कियोस्क स्थापति कर आवंटित कियोस्क का कब्जा तीन माह में संभलाएं। साथ ही मानसिक संताप की राशि 10 हजार रुपए और परिवाद व्यय की राशि 3 हजार रुपए भी तीन माह में अदा करें।
कृमिउन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ
सवाई माधोपुर| नेहरूयुवा केंद्र द्वारा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से कृमि उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को राप्राबावि आवासन मंडल में हुआ। केंद्र के मीडिया प्रभारी शोभा मीणा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिलीप, विशिष्ट अतिथि पवन शर्मा तथा अध्यक्षता अरविंद कुमार ने की। इस अवसर पर अतिथियों ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
मंच संचालन विक्टोरिया वाई मीणा ने किया। इसी प्रकार राउमावि साहूनगर में राष्ट्रीय कृमि नियंत्रण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य राजेंद्र पाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों को हर छह माह में एक बार एलबेंडाजोल की गोली अवश्य लेनी चाहिए। इसके अलावा रामावतार मित्तल, विशाल चौधरी, श्यामसुंदर शर्मा, बुद्धिप्रकाश जांगिड़ आदि मौजूद थे तथा छात्रों को ऐलबेंडाजोल की गोली वितरित की गई।