डंपर में दौड़ा करंट, चालक की मृत्यु
भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर
लहसोड़ाकस्बे के पास रामपुरा आंकोदिया गांव के बीच चल रहे सड़क निर्माण स्थल पर शुक्रवार को बिजली की लाइन के तार छू जाने से डंपर में करंट आने के कारण चालक की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस से चालक को सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि सड़क निर्माण स्थल पर दोपहर में डंपर चालक इंद्रगढ़ के अडगेला गांव निवासी बाबू लाल नायक गिट्टी खाली करने के लिए प्रेशर चालू कर डंपर से नीचे उतर गया। इस दौरान डंपर ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से छू गया। उन्होंने बताया कि डंपर से बिजली के तार छूने के बाद चालक ने प्रेशर डाउन करने के लिए जैसे ही फाटक खोलकर डंपर में चढ़ने की कोशिश की इस दौरान करंट दौड़ने से वह कुछ देर फाटक के चिपका रहने के बाद नीचे गिर गया। घटना के बाद उन्होंने इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी। उन्होंने बताया डंपर में करंट से उसमें आग लग गई। चालक को सामान्य चिकित्सालय लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद मे सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पोस्टमार्टम करने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।