पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बरवाड़ा में आफत बना खटारा बसों का संचालन

बरवाड़ा में आफत बना खटारा बसों का संचालन

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | चौथ का बरवाड़ा

तहसीलक्षेत्र में परिवहन निगम की ओर से चलाई जा रही सरकारी बसों की हालत खराब रहने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। निगम की अधिकतर बसें खटारा होने से आए दिन इनके पंक्चर होने या खराब होने से यात्रियों को रास्ते में भटकना पड़ता है। इस समस्या के बारे में कई बार परिवहन निगम के अधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उनके द्वारा समस्या पर ध्यान नहीं देने से यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही है तथा समय पर लोग गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

तहसील क्षेत्र में अधिकतर बसें ग्रामीण परिवहन सेवा की ओर चलाई जा रही है। इनमें से अधिकतर बसें शिवाड, महापुरा, सवाई माधोपुर आदि स्थानों पर चलाई जा रही है तथा एक बस सवाई माधोपुर से जयपुर के बीच लम्बी दूरी पर भी चलती है। इन बसों में एक या दो को छोड़कर अधिकतर बसों की हालत खराब होने से आए दिन ये बसें रास्ते में खराब होकर अटक जाती है। इससे रास्ते में यात्रियों को परेशान होना पड़ता है।

जयपुर से सवाई माधोपुर आने जाने वाली बस आए दिन रास्ते में खराब हो जाती है। इस बस के टायर ट्यूब तो इतने खराब है कि आए दिन ही इनके फूटने की समस्या रहती है।

ऐसे में यह बस रास्ते में ही अटक जाती है तथा इस मार्ग में कोई ओर साधन नहीं होने से लोगों को भटकना पड़ता है। इसी तरह सवाई माधोपुर से शिवाड़ महापुरा जाने वाली बस की हालत भी ठीक नहीं है। यह बस भी आए दिन ही खराब हो जाती है। इस बस के टायर पिछले कई महीनों से बदले नहीं गए है। ऐसे में थोडी गिट्टी लगने या काटा घुसने पर टायर पंक्चर हो जाता है या फिर टायर फूट जाता है।

इस बारे में रोडवेज की बसें चलाने वाले चालकों का कहना है कि इस बारे में समय समय पर अधिकारियों को अवगत कराया जाता है, लेकिन कोई भी सही से ध्यान नहीं देता है। इस मामले में लोगों ने डिपो प्रबंधक से कार्रवाई की मांग की है।

चौथ का बरवाड़ा. मुख्यबाजार में पंक्चर के बाद बिना टायर की खड़ी बस।