अतिक्रमण करने वालों का दबदबा
शिवाड़| एकतरफ तो अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रशासन कागजों में ही मौका मुआयना कर कार्य की इतिश्री कर लेता है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। यह मामला ग्राम पंचायत सारसोप का है। गांव में अतिक्रमणकारियों का दबदबा बना हुआ है और तहसील प्रशासन मौके पर जाकर मौका मुआयना तो कर लेता है लेकिन इसके बाद की कार्रवाई को ठंडे बस्ते में डाल देता है। सोमवार को भी सारसोप से केमला के बीच रास्ते पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए हल्का पटवारी गिरदावर मौका मुआयना करने पहुंचे। जब ग्रामीणों ने आज ही अतिक्रमण हटाने की बात कही तो उन्होंने इसके बाद की कार्रवाई कुछ दिनों बाद करने की बात कहकर टरका दिया। भरत लाल कबाड़ी ने बताया की गांव में सवाई माधोपुर चौराहे पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के नाले पर अतिक्रमियों ने अतिक्रमण कर रखा है जिससे आवागन बाधित हो रहा है फिर भी प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस संबंध में कार्रवाई करने की मांग की है।
जबरनकब्जा कर रहे लोगों पर कार्रवाई हो
सवाई माधोपुर | चौथका बरवाड़ा कस्बे के रहने वाले जहरूद्दीन पुत्र हजारी तेली ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर उसके पुश्तैनी मकान पर कब्जा कर रहे प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में पीड़ित में बताया कि कस्बे में उसका मकान बना हुआ था, जिसे चार माह पूर्व कुछ प्रभावशाली लोगों ने तोड़ दिया तथा अब कब्जा कर उस पर अपना निर्माण करवा रहे हैं। इस संबंध में पीड़ित ने ग्राम पंचायत से स्टे-ऑर्डर भी जारी करवा रखा है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।