जांच दल पर अभद्रता एवं राजीनामे का दबाब बनाने का आरोप
पंचायतसमिति खंडार क्षेत्र के बिचपुरी मिश्रान निवासी सतीश कुमार शर्मा ने जिला परिषद सवाईमाधोपुर के जांच दल पर अभद्रता करने एवं लोकायुक्त को भेज रखी शिकायत में राजीनामे का दबाब बनाने का आरोप लगाते हुए लोकायुक्त जयपुर को पत्र भेजा है।
पीड़ित सतीश शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा लोकायुक्त को पंचायत समिति खंडार एवं क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में हुए भ्रष्टाचार की शिकायत की गई थी। इस पर लोकायुक्त द्वारा पंचायती राज विभाग को कार्रवाई करने के आदेश दिए गए थे। पंचायतीराज के आदेशों की पालना में जिला परिषद सवाईमाधोपुर द्वारा एक जांच दल का गठन किया गया, जिसमें दीपक गांधी लेखा अधिकारी नरेगा जिला परिषद सवाई माधोपुर मुरारीलाल मीणा अधिशासी अभियंता (अभियांत्रिकी) को शामिल किया गया। शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त को भेजे गए पत्र में बताया कि बुधवार को जांच दल के दोनों अधिकारियों ने पंचायत समिति में बुलाकर पूर्व में लोकायुक्त को की गई शिकायत में राजीनामा करने तथा लिखकर देने को कहा गया। मना करने पर संबंधित अधिकारियों द्वारा अभद्रता करते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाने की धमकी दी। शिकायतकर्ता द्वारा लोकायुक्त से इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच करवाने एवं जांच दल में शामिल दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के किसी राज्य स्तरीय अधिकारी से जांच करवाने की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर जांच दल में शामिल मुरारीलाल मीणा अधिशासी अभियंता (अभियांत्रिकी) जिला परिषद सवाईमाधोपुर का कहना है कि कल जांच करने के लिए खंडार गए थे। सतीश शर्मा को बुलाया गया लेकिन उन्होंने जांच में कोई सहयोग नहीं किया। राजीनामा का दबाब बनाने एवं अभद्रता करने के आरोप निराधार है।