हड़ताल के पक्ष-विपक्ष में करवाया गया मतदान
वेस्टसेंट्रल एंप्लॉयज यूनियन कोटा मंडल के तत्वावधान में शाखा की ओर से रेल हड़ताल के लिए संगठन सचिव जनाबुद्दीन के नेतृत्व में स्ट्राइक वैलेट मतदान सवाई माधोपुर से इंद्रगढ एवं मखौली के मध्य करवाए गए। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अलाउद्दीन आजाद थे, जिनकी उपस्थिति में मतदान कार्यक्रम शुरू हुआ और इसके बाद पेटियां सील की गई। इस अवसर पर पूर्व शाखा अध्यक्ष जोनी और सचिव बी.एम. पांचाल भी थे।
मतदान कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि आजाद ने संबोधित करते हुए कहा कि रेल कर्मचारियों के सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट में कर्मचारी विरोधी विसंगतियां अत्यंत रूप से पे कमीशन द्वारा पेश की गई है। इनके विरोध में कर्मचारियों द्वारा हड़ताल करना आवश्यक हो जाता है। जोनी एवं पांचाल ने संबोधित करते हुए कहा कि सभी रेल कर्मचारियों को एकजुट होकर सातवें वेतन आयोग की विसंगतियों के विरोध में हड़ताल करना जरूरी है। संगठन सचिव जनाबुद्दीन ने बताया कि शेष रेल कर्मचारियों के दूसरे दिन शुक्रवार को भी मतदान करवाए जाएंगे। मतदान सुबह आठ बजे से होगा।