बैंक अदायगी में दोषी, ट्रैक्टर नीलाम
सवाई माधोपुर| सवाईमाधोपुर सहकारी भूमि विकास बैंक लि. द्वारा ऋण अदायगी के दोषी ऋणी सदस्यों के विरुद्ध राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनियम के अन्तर्गत ऋण वसूली के संबंध में कुर्की नीलामी की कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के अन्तर्गत बैंक की शाखा खंडार द्वारा दोषी ऋणी सदस्य शंभूलाल पुत्र रामकुंवार मीना निवासी ग्राम बड़ौद, तहसील खण्डार का बैंक ऋण से दिया गया ट्रैक्टर 6 जनवरी 2016 को कुर्क किया जाकर सार्वजनिक नीलामी द्वारा 2.27 लाख रुपए में बैंक द्वारा नीलाम कर दिया गया है। बैंक सचिव ने बताया कि बैंक द्वारा ऋण वसूली के संबंध में दोषी ऋणी सदस्यों की बैंक के पक्ष में रहन भूमि की कुर्की नीलामी कार्रवाई को निरंतर जारी रखते हुए बड़े पैमाने पर कुर्की नीलामी की जा रही है और बैंक द्वारा क्षेत्र में ऋण वसूली का सघन अभियान चलाया जा रहा है।
सामाजिकसुरक्षा पेंशन वितरण शिविर शुरू
खिरनी|अटल सेवाकेन्द्र पर सवाई माधोपुर केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की ओर से सामाजिक सुरक्षा पेंशन वितरण का शिविर का आयोजन किया गया। सहकारी बैंक के शाखा प्रबन्धक दिनेश कुमार जैन ने बताया कि शिविर में भामाशाह योजना के अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों को पेंशन खाते से पेंशन राशि का भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा राजकीय योजनाओं तथा नरेगा, छात्रवृत्ति, जननी सुरक्षा आदि के लाभार्थियों का भी अपनी धन राशि आहरित करने की सुविधा प्रदान की जाएगी। ऋण पर्यवेक्षक राजेश कुमार खण्डेलवाल तथा बीसीई मित्र के सुवा लाल मीना ने बताया कि 10 फरवरी से 16 फरवरी तक सात दिवसीय शिविर में लाभार्थी अपने साथ में जाब कार्ड आधार कार्ड तथा परिचय पत्र साथ में लेकर आएं।