कौशल रोजगार शिविर में 313 आशार्थियों का चयन
सवाईमाधोपुर |जिला रोजगार कार्यालय जिला प्रशासन सवाई माधोपुर के तत्वावधान में मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एक दिवसीय मासिक कौशल रोजगार एवं उद्यमिता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 450 बेरोजगार छात्र छात्राओं ने भाग लिया। इनमें से 313 आशार्थियों का विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा रोजगार के लिए चयन किया गया। जिला रोजगार अधिकारी हरीश नेनकवाल ने बताया कि शिविर में राजकीय संस्थानों के साथ - साथ निजी क्षेत्र के संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें जीएस गुडगांव, शिव शक्ति बायोटेक जयपुर, पेस प्रशिक्षण संस्थान पिलानी, आईसीआईसीआई एकेडमी जयपुर, यूथ फॉर जॉब जयपुर आदि कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे। इस दौरान जिला रोजगार अधिकारी ने शिविर की रूपरेखा एवं कार्य योजना के बारे में प्रकाश डालते हुए रोजगार सहायता शिविरों को बेरोजगारों के लिए महत्वपूर्ण कार्य बताया तथा आशार्थियों को सरकारी नौकरी का मोह छोड़कर निजी क्षेत्र में कैरियर बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।