रोजगार सहायक एवं प्रेरक मिले अनुपस्थित
पंचायत समिति के विकास अधिकारी भोपालसिंह जोधा ने शनिवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान एक रोजगार सहायक समेत चार प्रेरक अनुपस्थित मिले। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विकास अधिकारी जोधा ओटवाला निरीक्षण के लिए पहुंचे। यहां रोजगार सहायक खैरुना बानो, साक्षरता प्रेरक संजू कंवर सुरेश कुमार अनुपस्थित मिले।
इसी तरह ग्राम पंचायत डांगरा में साक्षरता प्रेरक तनसिंह उम्मेदाबाद में प्रदीप कुमार भी उपस्थित नहीं मिले। इन सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। निरीक्षण के दौरान ओटवाला में 30 लोगों के पेंशन आवेदन भरवाए गए, जबकि उम्मेदाबाद में हाल ही में स्वीकृत 115 पीपीओ जारी किए गए। विकास अधिकारी ने मांडवला में चल रहे कुम्हारिया नाडा से मांडवला सरदह तक कार्य का निरीक्षण किया। यहां दोनों मेटों को श्रमिकों को दो समूहों में बांटकर कार्य करवाने के निर्देश दिए। साथ ही नरेगा कार्य पर लगे श्रमिकों को अपने-अपने घरों में शौचालय बनवाने के लिए भी प्रेरित किया। इसी प्रकार डांगरा में स्वच्छ भारत मिशन की 110 स्वीकृतियां जारी की गईं।
निरीक्षण के दौरान कार्यवाहक लेखाकार भरत कुमार खत्री, पंचायत प्रसार अधिकारी नैनमल भट्ट, मोहनसिंह स्वच्छ भारत मिशन के समन्वयक कैलाश गर्ग भी साथ थे।