अलवर.शाहजहांपुर. पुलिस ने हाईवे पर हथियारों के बल पर वाहन लूट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लूट में काम लिया गया वाहन, देशी कट्टा जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी मुकेश जोशी ने बताया कि गुरुवार रात गश्त के दौरान पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि हाईवे पर सासेड़ी मोड़ के पास एक टाटा 407 मे बैठे दो शातिर लुटेरे हाईवे पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले हैं।
इस पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी जोशी एवं सहायक निरीक्षक नेमीचंद शर्मा दो दल बनाकर हाईवे पर पहुंचे। पुलिस की घेराबंदी देख बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर दोनों बदमाशों राजेश पुत्र जगदीश कंजर निवासी इटोंडा थाना हनुमान नगर भीलवाड़ा एवं मनोज पुत्र दामोदर कंजर निवासी कंजर बस्ती थाना दूनी जिला टोंक को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों से 315 बोर का जिंदा कारतूस एवं एक लोडेड देशी कट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को बहरोड़ अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड लिया है। पुलिस बदमाशों से हाईवे पर होने वाली अन्य लूट की वारदातों को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।
कई वारदातों को दे चुके हैं अंजाम
पकड़े गए बदमाशों ने हाईवे पर लूट की कई वारदातों को अंजाम दिया है। आराेपी राजेश पूर्व में चाकसू थाना जयपुर में वाहन लूट की वारदात करते हुए पकड़ा गया था एवं एक माह जयपुर सेंट्रल जेल में सजा काट चुका है। गिरोह के इन शातिर बदमाशों ने भीलवाड़ा, चाकसू, बावल, धारूहेड़ा, रेवाड़ी सहित मेवात क्षेत्र में अनेक लूट एवं वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों सहित वारदातों को लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है।