ट्रैक्टरों को हाथ से धक्के देकर निकाली न्याय रैली
सवाईमाधोपुर | जिलाभाजपा पदाधिकारी एवं प्रदेश सरकार किसान आंदोलन से डरी हुई है। किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉलियों का व्यवसायिक श्रेणी में नि:शुल्क रजिस्ट्रेशन की मांग को लेकर पहले दिन मलारना चौड़ में रैली की गई। इसके बाद भाजपा नेताओं ने सरकार को इस संबंध में चिट्ठी लिख दी। कांग्रेस की किसान न्याय रैली की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री से भाजपा नेताओं ने मुलाकात की, जबकि तीन माह से किसानों की ट्रैक्टर ट्रॉलियां बंद है। तब किसानों के हितों की भाजपा को याद नहीं आई। यह बात कांग्रेस के प्रदेश सचिव दानिश अबरार ने रविवार को पुरानी ट्रक यूनियन के पास कांग्रेस किसान न्याय रैली को संबोधित करते हुए कही।
रैली को पूर्व मंत्री अशोक बैरवा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व विधायक यास्मीन अबरार, महासचिव प्रशांत बैरवा, गुर्जर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम सिंह गुर्जर, जिला प्रभारी सुरज्ञान सिंह घोसल्या, जिलाध्यक्ष शिवचरण बैरवा, महिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष मंजू शर्मा, बाबू लाल मीणा, पूर्व ब्लाॅक अध्यक्ष छुट्टन लाल मीणा, सुनील तिलकर, जावेद कासिम, विनोद जैन, पार्षद ईशरत मिर्जा सहित कई पदाधिकारी शामिल थे। इस दौरान ट्रैक्टर को धक्के से चलाकर कांग्रेस नेताओं ने विरोध जताया। एंडा गांव से कांग्रेस किसान न्याय रैली के रवाना होने के बाद दानिश अबरार श्यामपुरा, चकेरी, मखौली, कुण्डेरा, रावल, छारोदा, शेरपुर, करमोदा, सूरवाल, मैनपुरा,, जड़ावता, दुब्बी बनास, देवली, भाड़ौती, रसूलपुरा, भारजा, मलारना डूंगर होते हुए पुरानी ट्रक यूनियन पर दर्जनों गाड़ियों के काफिले के साथ रैली के रूप में पहुंचे।
पुरानी ट्रक यूनियन पर लोगों को संबोधित करने के बाद दानिश अबरार, अशोक बैरवा ने रैली में शामिल ट्रैक्टरों की स्टेयरिंग संभाली। इसके बाद लोगों ने ट्रैक्टर को धक्का देकर आगे बढ़ाया।
सवाई माधोपुर. पुरानीट्रक यूनियन बजरिया में कांग्रेस किसान रैली को संबोधित करते अबरार। इससे पूर्व िकसानों ने धक्के से ट्रैक्टर चलाते हुए रैली निकाली।