जन सहभागिता भी विकास के लिए जरूरी : राजे
उदयपुर | मुख्यमंत्रीवसुंधरा राजे ने कहा है कि विकास के लिए जनजागृति और जन सहभागिता भी जरूरी है। सरकार की भी पूरी कोशिश रहेगी कि जनता से जुड़े छोटे, छोटे काम आगामी बजट में शामिल में हो। मुख्यमंत्री ने यह बात रविवार को यहां शोभागपुरा में एक होटल में उदयपुर और राजसमंद जिले की प्री बजट बैठक में कही। राजे ने जनप्रतिनिधियों से प्राथमिकता वाले काम पूछे और प्रस्तुत सुझावों पर चर्चा की। हाथो हाथ संभागीय एवं जिलाधिकारियों से तथ्यात्मक जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। वसुंधरा राजे ने राजसमंद झील क्षेत्र में पर्यटन विकास, पहाड़ियों को हरा भरा करने, औद्योगिक क्षेत्रों के जल प्रदूषण की जांच करवाने, नरेगा में वन विकास गतिविधियां बढ़ाने और उदयपुर में टीआरआई में पीपीपी मोड पर कोचिंग की सुविधा के लिए प्रयास करने, सड़क विकास एवं विस्तार के लिए धन का सदुपयोग करने और खनन क्षेत्रों में सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए संबंधित कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी सुझाव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास से जुड़ी इन गतिविधियों को पूरा करने के लिए जनजागृति और जन सहभागिता भी जरूरी है। गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया अौर जलदाय मंत्री किरण माहेश्वरी की मौजूदगी में दो चरणों में हुई बैठकों में सांसद अर्जुन मीणा, हरिओम सिंह राठौड़, सीपी जोशी और पूर्व विधानसभाध्यक्ष शांतिलाल चपलोत सहित दोनों जिलों के प्रमुख, भाजपा जिलाध्यक्ष भी मौजूद थे।