टाइटंस ने पैंथर्स को 27-25 से हराया
शानदार प्रदर्शन के बाद भी जयपुर पिंक पैंथर्स को प्रो कबड्डी लीग में शनिवार को तेलूगु टाइटंस के हाथों 25-27 से हार का सामना करना पड़ा। जयपुर की टीम अंतिम पांच मिनट तक मैच में बढ़त बनाए हुई थी, लेकिन 37वें मिनट के बाद से टाइटंस ने जो बढ़त बनाने का सिलसिला शुरू किया, वह उसने अपनी जीत के साथ ही खत्म किया। टाइटंस की यह सात मैचों में चौथी जीत है और वह 22 अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर बरकरार है। जयपुर की टीम अपने सातवें मैच में चौथी हार से 15 अंकों के साथ पांचवें स्थान है। दोनों टीमों ने 14-14 रेड अंक हासिल किए। जयपुर ने डिफेंस से 11 और टाइटंस ने 10 अंक अर्जित किए। टाइटंस ने दो ऑलआउट अंक और एक अतिरिक्त अंक भी हासिल किया जो उसकी जीत में अहम साबित हुए। टाइटंस की जीत में मेराज शेख का अहम योगदान रहा जिन्होंने मैच में सर्वाधिक 11 अंक अर्जित किए। पैंथर्स के कुलदीप सिंह और सोनू नरवाल ने पांच-पांच अंक हासिल किए।