आज देश को दोहरी खुशी का मौका देंगे क्रिकेट सितारे
क्रिकेट केलिहाज से रविवार का दिन महत्वपूर्ण है। रविवार को टीम इंडिया अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ मीरपुर (बांग्लादेश) में खेलेगी आैर उसी दिन हमारी सीनियर टीम विजाग में श्रीलंका के खिलाफ ट्वेंटी20 सीरीज का निर्णायक मैच खेलेगी। अब तक भारत आैर श्रीलंका 1-1 मैच जीत चुकी है। रविवार को सीरीज पर टीम इंडिया का अधिकार हो सकता है। टीम इंडिया के सितारे इतने प्रतिभावान है कि वे देश को दोहरी खुशी मनाने का मौका दे सकते हैं।
जहां तक सीनियर टीम का प्रदर्शन है तो हमारी टीम ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे ट्वेंटी20 क्रिकेट मैच में सशक्त प्रदर्शन किया। उसने केवल बड़े अंतर से जीत दर्ज की बल्कि टीम के सभी सितारों ने एकजुट होकर चैंपियन की तरह प्रभावी प्रदर्शन किया। आईसीसी ट्वेंटी20 रैंकिंग में नंबर वन टीम भारत ने पुणे में खेले गए पहले मैच में जिस तरह का दयनीय प्रदर्शन किया था उसके बाद रांची में किया गया प्रदर्शन पहले मैच के ठीक विपरीत था। यह सच है कि टीम इंडिया पर काफी दबाव है। उसने ऑस्ट्रेलिया को ट्वेंटी20 सीरीज में 3-0 से हराया आैर अब उसे एशिया कप आैर ट्वेंटी 20 वर्ल्ड कप में बेहतर प्रदर्शन करने का दबाव है क्योंकि ये दोनों टूर्नामेंट एशियाई धरती पर हो रहे हैं। एशिया कप बांग्लादेश में आैर ट्वेंटी20 वर्ल्ड कप भारत में होंगे। जाहिर है कि क्रिकेटप्रेमी आैर देश की जनता टीम इंडिया से श्रेष्ठतम प्रदर्शन की अपेक्षा रखती है।
टीम इंडिया को रांची की जीत की लय को बनाए रखने के लिए अपनी मूल योजना में त्वरित बदलाव आैर एक पसंदीदा पिच की जरूरत है। पिच ऐसी हो जिसमें खूब रन बने आैर गेंदबाज उस रन का बचाव कर सके। टीम इंडिया ने पुणे में ऐसा प्रदर्शन किया मानो मैदान में उनकी दादागिरी हो, लेकिन वे श्रीलंकाई युवाआें के सामने धराशायी हो गए। दूसरे मैच में वे संभले आैर जता दिया कि वह कितनी ताकतवर है। टीम इंडिया ने रांची में आत्मविश्वासी प्रदर्शन किया, लेकिन वास्तव में वे तनाव में थे। उन पर पुणे मैच में हारने का दबाव था। यह खुशी की बात है कि कप्तान धोनी ने टीम में उत्साह का संचार किया। धोनी को पहले मैच में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने रांची में बता दिया कि उनमें पलटवार की जबर्दस्त क्षमता है। रविवार को सीरीज का तीसरा मैच होगा क्या हम उम्मीद करें कि धोनी बेंच स्ट्रेंग्थ की ताकत को आजमाने की कोशिश करेंगे या फिर वर्तमान प्लेइंग इलेवन के सहारे सिर्फ सीरीज जीतने पर ही उनका ध्यान रहेगा। रविवार के मैच में युवराज सिंह को ऊपरी क्रम पर, हरभजन सिंह को आर. अश्विन की जगह आैर पवन नेगी को किसी भी बल्लेबाज को रिप्लेस कर मौका देना चाहिए। युवी को बहुत ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला है। ऑस्ट्रेलिया में आखिरी आेवर में उनके दो प्रहारों से टीम इंडिया जीत के करीब पहुंची। रांची में युवी को देर से भेजा गया। युवी मैच विजेता सुपरस्टार हैं। उन्हें ऊपर के क्रम पर भेजना चाहिए।
छोटेउस्ताद भी भिड़ेंगे आज : अंडर-19वर्ल्ड कप के फाइनल में भी टीम इंडिया को वेस्टइंडीज से भिड़ना है। हमारे छोटे उस्ताद तीन बार वर्ल्ड कप जीत चुके हैं आैर एक बार उपविजेता रह चुके हैं। चौथी बार खिताब जीतना भी तय माना जा रहा है। अंडर-19 का काफी महत्व है। विराट कोहली, युवराज सिंह, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा, मनीष पांडे आैर शिखर धवन ये सभी अंडर-19 की ही देन है। इन खिलाड़ियों ने सीनियर टीम में जगह बनाई इससे ही साबित होता है कि भारत में क्रिकेट प्रतिभाआें की कमी नहीं है। वर्तमान अंडर-19 टीम में भी कई ऐसे युवा हैं जिन्हें कुछ ही सालों में हम सीनियर टीम से खेलते देख सकेंगे। उम्मीद है कि रविवार को देश को ये सीनियर आैर जूनियर क्रिकेट सितारे दोहरी खुशी का मौका देंगे।