फर्जी आईडी से एयरफोर्स स्टेशन में घुस रहे दो संदिग्ध गिरफ्तार
ग्वालियर| एयरफोर्सपुलिस ने दो युवकों को फर्जी आईडी से महाराजपुरा एयरफोर्स स्टेशन परिसर में घुसते हुए पकड़ा। एक दिन की पूछताछ के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। युवकों के पास फर्जी आईडी कैसे पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है। गिरफ्तार युवकों के नाम असगर (26) पुत्र कमाल खान फिरोज (20) पुत्र मुख्तयार खान है। दोनों मुरैना के बताए जाते हैं। लेकिन एयरफोर्स स्टेशन में घुसने के लिए उन्होंने सतीश तोमर और अर्जुन तोमर के नाम से आईडी का इस्तेमाल किया। महाराजपुर पुलिस थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि दोनों युवकों का दावा है कि कार्ड फर्जी नहीं बल्कि असली हैं। उन्होंने अपने गांव के अर्जुन सतीश से यह कार्ड लिए थे। मजदूरी करने एयरफोर्स स्टेशन कैसे पहुंचे, इसकी जांच की जा रही है। महाराजपुरा एयरफोर्स के पीआरओ संदीप शर्मा ने कहा पकड़े गए युवक दूसरे मजदूरों की आईडी पर एयरफोर्स स्टेशन परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे थे। युवकों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।