12 से 14 नवंबर तक कृषि रिसर्जेंट राजस्थान
जयपुर | रीसर्जेंटराजस्थान इनवेस्टमेंट समिट की तर्ज पर सरकार कृषि के क्षेत्र में मिनी रिसर्जेंट समिट अायोजित करेगी। इसे ग्लोबल एग्रीकल्चर फेयर नाम दिया गया है। आयोजन जेईसीसी में 12 से 14 नवंबर तक होगा। बुधवार को कृषि विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इसके निर्देश दिए हैं। मेले के आयोजन लिए करीब 25 करोड़ रुपए के बजट को भी मंजूरी दी गई है। मेले का मकसद किसानों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक्सपोजर करवाना है। इससे एडवांस एग्रीकल्चर सेक्टर में निवेश बढ़ सकेगा। प्रदेश फिलहाल कृषि नवाचारों के मामले में काफी पिछड़ा हुआ है। लेकिन मेले के आयोजन से प्रदेश के कृषि सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय तकनीक के साथ निवेश भी आएगा। राजे ने अधिकारियों को इसका लोगो तैयार करने, देश एवं विदेश से आने वाले प्रतिभागियों के लिए व्यवस्थाओं सहित अन्य तैयारियां करने, आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नवाचारों को अपनाने वाले किसानों को इसमें आमंत्रित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख कृषि सचिव नीलकमल दरबारी ने ग्लोबल एग्रीकल्चर फेयर को लेकर अपना प्रजेंटेशन दिया।