वार्न की नजर में स्टीव वॉ मतलबी इंसान
मेलबोर्न | अपनीस्पिन गेंदों से दुनियाभर के शीर्ष बल्लेबाजों को नचाने वाले ऑस्ट्रेलियाई पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर शेन वार्न ने पूर्व कप्तान स्टीव वॉ को बेहद खुदगर्ज इंसान बताया है। एक टीवी शो में बातचीत के दौरान वार्न ने अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए स्टीव को एक मतलबी इंसान बताया। उन्होंने कहा ,‘मैं करियर के दौरान जितने भी खिलाड़ियों के साथ खेला है, उनमें वाॅ सबसे स्वार्थी थे।’
वॉर्न ने एक घटना को याद करते हुए कहा, ‘वेस्टइंडीज के खिलाफ 1999 में अपनी कप्तानी के दौरान उन्होंने मुझे टीम से निकाल दिया था। इस घटना को 17 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उसकी कड़वी यादें आज भी जहन में हैं और शायद यही कारण है कि मैं वॉ से नफरत करता हूं।’ वार्न ने कहा, ‘इस तरह बिना मतलब टेस्ट से बाहर कर देना अपमानजनक था। हमने सीरीज का अंतिम मैच जीतकर चार मैचों की सीरीज बराबर कर ली ली थी, लेकिन उस सीरीज की कड़वी यादें भूला नहीं पा रहा हूं।’