भीलवाड़ा . शहर के चंद्रशेखर आजादनगर में रविवार को निर्माणाधीन मकान पर बंधी पायड़ से एक श्रमिक गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। राज्यास गांव में कीटनाशक की गंध से युवक की जान चली गई।
अस्पताल चौकी पुलिस के अनुसार चंद्रशेखर आजादनगर में रविवार शाम निर्माणाधीन मकान पर बंधी पायड़ पर ज्योतिनगर निवासी श्रमिक बशीर खां (45)पुत्र नन्हें खां मेव खड़ा था। पायड़ टूटने से वह गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने दम तोड़ दिया। प्रतापनगर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फूलिया कलां थाना क्षेत्र के राज्यास गांव का ओमप्रकाश (24)पुत्र रघुनाथ बैरवा रविवार सुबह फसल में कीटनाशक छिड़कने खेत पहुंचा। शीशी का ढक्कन खोला। इसकी गंध से उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे शाहपुरा अस्पताल ले गए। उसकी हालत गंभीर होने से उसे भीलवाड़ा रैफर किया गया। दोपहर में उसकी मौत हो गई।
बस्सी बांध में डूबने से युवक की मौत
बस्सी/भीलवाड़ा .चित्तौड़गढ़जिले के बस्सी बांध में रविवार दोपहर नहाते समय पैर फिसलने से एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक भीलवाड़ा निवासी था, जो रविवार को चार अन्य साथियों के साथ बस्सी बांध पर घूमने आया था।
सूचना पर बस्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा। पुलिस के अनुसार बांध की रपट चलने से रविवार दिनभर लोगों की आवाजाही लगी रही। कई लोग रपट के पास नहा रहे थे। जहां गहराई में पहुंचने पर एक युवक डूब गया।
इसकी जानकारी वहां मौजूद लोगों ने बस्सी थाने में दी। जिस पर थानाधिकारी गजसिंह जाब्ते के साथ पहुंचे। गोताखोरों स्थानीय युवकों की सहायता से दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब पौने सात बजे युवक का शव निकाला गया। युवक चट्टानों के बीच फंस गया था।
मृतक की शिनाख्त भीलवाड़ा निवासी जुबेर (20) पुत्र जाकिर हुसैन के रूप में की गई। बताया गया कि जुबेर साथी मोहसिन खान, राजा खान एक अन्य बाइक से रविवार को बस्सी बांध पर घूमने आए। जहां चारों बांध की रपट के पास नहा रहे थे, जो बह गए। वहां नहा रहे लोगों ने तीन युवकों को निकाल लिया, जबकि जुबेर गहरे पानी में चला गया। बाद में शव को बस्सी अस्पताल लाया गया। मृतक के साथ ही अन्य युवकों के परिजन भी भीलवाड़ा से बस्सी पहुंचे थे।