लोक नृत्य ने मनमोहा
यात्रापश्चिमालाप के तहत पश्चिमी क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र उदयपुर की ओर से मंगलवार रात राजकीय महाविद्यालय में कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दी। इसमें राजस्थान, गोवा, महाराष्ट्र गुजरात की लोक संस्कृतियों पर आधारित नृत्य ने मनमोह लिया।
कार्यक्रम समन्वयक राकेश मेहता ने बताया कि अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की। महाराष्ट्र के कलाकारों ने मराठी में गणेश वंदना प्रस्तुत कर शहीदों की याद में लोकनृत्य पर वीर गाथाएं प्रस्तुत की। राजस्थान में गाए जाने वाले केसरिया बालम..पधारो म्हारे देश....गीत की प्रस्तुति सिद्धिक खां लंगा के नेतृत्व में दी गई।
गुजरात के प्रसिद्ध लोकनृत्य डांडिया की प्रस्तुति वनराज गोहिल के नेतृत्व में कलाकारों ने दी। कालबेलिया नृत्य देख लोग रोमांचित हुए। गोवा के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए लोक नृत्य को लोगों ने खूब सराहा। मुख्य अतिथि एसडीएम कालूराम खौड़ थे। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी, प्राचार्य डॉ. गिरिराज मीणा, तहसीलदार अजीतसिंह राठौड़, डिप्टी अजय भार्गव, सीआई महेंद्र मेघवंशी मौजूद थे।