पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नकली नोट बनाने का तरीका बताने के नाम पर ठगे 3 लाख

नकली नोट बनाने का तरीका बताने के नाम पर ठगे 3 लाख

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भीलवाड़ा. नकली नोट बनाने की विधि बता कर ठगी करने का सनसनीखेज मामला शाहपुरा में सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके दो साथियों की तलाश की जा रही है। इन आरोपियों ने शाहपुरा तहसील के रायनगर(बालापुरा) निवासी लेखराज पुत्र ओनाड़ जाट को झांसे में लेकर तीन लाख रुपए की ठगी कर ली।

जांच अधिकारी एएसआई सत्यनारायण ने बताया कि रायनगर निवासी लेखराज पुत्र ओनाड़ जाट ने इस मामले की रिपोर्ट शाहपुरा थाने में दी। उसने बताया कि जाली नोट बनाने की विधि बताने का झांसा देकर जल्दी लखपति बनाने का लालच देकर उपरेड़ा थाना बनेड़ा निवासी शंकर पुत्र जमना दरोगा ने तीन लाख रुपए हड़प लिए। पहले उसे जेब से नकली नोट बनाकर बताने का स्वांग करते हुए दो नोट निकाल कर बताए। लेखराज जाट उसके झांसे में गया तथा उसे तीन लाख रुपए दे दिए। जाट के अनुसार उसे शंकर दरोगा को पूरी विधि बतानी थी जो पूरी हो सकी।

जाट ने राशि का तकाजा शंकर से किया तो शंकर ने कहा कि वह रुपए तो उसने मोहम्मद हुसैन पुत्र हासन खां निवासी भीमपुरा थाना बनेड़ा को दिए हैं। उसके झालावाड़ से आते ही रुपए लौटा देगा। लेखराज के मोहम्मद हुसैन से संपर्क करने पर उसने शंकर से कोई भी संबंध होने से इनकार किया। लेखराज ने बार-बार तकाजा किया तो एक दिन शंकर ने उसे पुलिस में रिपोर्ट देने पर जान से मारने की धमकी दी। लेखराज ने मामले को गड़बड़ मानकर शाहपुरा थाना पुलिस को रिपोर्ट दी। लेखराज द्वारा बताए पते मोबाइल नंबर के आधार पर शाहपुरा पुलिस ने आरोपी शंकर दरोगा को गिरफ्तार कर लिया है।

नकली नोट बनाने के कथित उपकरण जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकली नोट बनाने के कथित उपकरण नोट साइज के प्लास्टिक कवर, टेलकम पावडर, कागज आदि जब्त किए। आरोपी के अनुसार वह तो केवल झांसा देकर सामने वाले से राशि हड़प लेते थे। जांच अधिकारी एएसआई सत्यनारायण ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। उसके सहयोगी मोहम्मद हुसैन के अलावा तीसरे साथी जसवंत सिंह पुत्र जगन्नाथ निवासी काणिया खेड़ा की तलाश की जा रही है। पुलिस को ठगी गई राशि भी बरामद करनी है।

खामोर नागौर में कर चुके ठगी

आरोपी द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक इस प्रकार का झांसा देकर आरोपी शाहपुरा क्षेत्र के खामोर नागौर जिले में भी करीब 15 लाख रुपए की ठगी कर चुके हैं। पुलिस पता लगा रही है कि कहीं आरोपियों का किसी राज्य स्तरीय रैकेट से तो संबंध नहीं है।